मुंबई में 16-17 नवंबर को अर्थशॉट प्राइज 2026 का छठा संस्करण आयोजित किया गया. समारोह में ब्रिटेन के प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट मिडलटन के साथ बॉलीवुड की कई हस्तियां शामिल हुईं. करण जौहर ने कार्यक्रम की मेजबानी की. आलिया भट्ट, सोनम कपूर, निमरत कौर, खुशी कपूर, भूमि पेडनेकर, मौनी रॉय, रकुल प्रीत सिंह और ईशान खट्टर भी समारोह में नजर आए.

अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत 2020 में प्रिंस विलियम और द रॉयल फाउंडेशन ने की थी. यह पुरस्कार पर्यावरण से जुड़े समाधान विकसित करने वाले संगठनों और पहलों को सम्मानित करता है. इस साल करीब 7 हजार नामांकनों में से 169 देशों के 15 फाइनलिस्ट चुने गए. 17 नवंबर को पांच विजेताओं की घोषणा की गई. प्रत्येक विजेता को काम को आगे बढ़ाने के लिए 10 लाख पाउंड की पुरस्कार राशि दी गई.

सोनम और सयानी ने प्रदूषण पर जताई चिंता

समारोह में सोनम कपूर ने कहा कि पर्यावरण की स्थिति बच्चों के भविष्य को लेकर डर पैदा करती है. उन्होंने गंगा की सफाई के बाद दोबारा प्रदूषित होने का उदाहरण देते हुए कहा कि पर्यावरण की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की है और बदलाव की शुरुआत घर से होनी चाहिए.

सयानी गुप्ता ने भी पर्यावरण संरक्षण के लिए और अधिक काम करने की जरूरत बताई. उन्होंने मुंबई में पेड़ों की कटाई और मैंग्रोव के खत्म होने पर चिंता जताई.

महिंद्रा को ‘क्लीन अवर एयर’ पुरस्कार

भारत की महिंद्रा लास्ट माइल मोबिलिटी को ‘क्लीन अवर एयर’ श्रेणी में पुरस्कार मिला. कंपनी इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और छोटे कमर्शियल वाहन बनाती है. कंपनी के मुताबिक, उसके 4 लाख से अधिक इलेक्ट्रिक वाहन 9 अरब किलोमीटर से ज्यादा चल चुके हैं और इससे करीब 1.85 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन कम हुआ है. पुरस्कार राशि का इस्तेमाल महिला ड्राइवरों की ट्रेनिंग, सस्ते ऋण और चार्जिंग नेटवर्क बढ़ाने में किया जाएगा.