अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर है. वह 75 वर्ष के थे. उनकी आगामी फिल्म ‘द कन्फेशन’ के सह-निर्माता सुभाष काले ने बताया कि नाना से उनकी करीब दो दिन पहले बात हुई थी और अभिनेता ने अगले दिन मुंबई आने की बात कही थी.
काले के अनुसार, नाना को फिल्म के लिए केवल एक लाइन डब करनी थी. मुंबई में उनका एक अन्य फिल्म प्रोजेक्ट का शूट भी निर्धारित था. काले ने कहा कि नाना जब भी मुंबई आते थे, तो सबसे पहले उन्हें फोन करके स्टूडियो आने की जानकारी देते थे.
काले ने अभिनेता के निधन पर गहरा दुख जताते हुए इसे फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति बताया. उन्होंने कहा कि खबर मिलने के बाद वह पूरी तरह स्तब्ध रह गए.
अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित किया गया
मीडिया रिपोर्ट्स में डॉक्टर के हवाले से बताया गया कि नाना पाटेकर को करीब शाम 4:30 बजे अस्पताल लाया गया था. डॉक्टर के अनुसार, अस्पताल पहुंचने तक उनकी मृत्यु हो चुकी थी. मेडिकल टीम ने करीब 45 मिनट से एक घंटे तक उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली.
नाना पाटेकर की अंतिम फिल्मों में ‘द कन्फेशन’ और ‘शक्ति शालिनी’ का नाम बताया गया है. दोनों फिल्में अभी रिलीज नहीं हुई हैं. ‘द कन्फेशन’ के लिए उनकी डबिंग का काम पूरा होना बाकी था.
