नाना पाटेकर और मनीषा कोइराला के कथित रिश्ते को लेकर वर्षों से चर्चा होती रही है. यह अटकलें खास तौर पर 1996 में रिलीज हुई फिल्म ‘अग्निसाक्षी’ से जुड़ी रही हैं. अब फिल्म के लेखक रणबीर पुष्प ने दोनों कलाकारों के रिश्ते पर अपनी देखी-सुनी बात साझा की है.
सिद्धार्थ कन्नन के साथ एक इंटरव्यू में रणबीर पुष्प ने कहा कि नाना और मनीषा सेट पर एक-दूसरे के काफी करीब थे और उनके बीच अच्छी समझ थी. हालांकि, उन्होंने इस रिश्ते को रोमांटिक संबंध कहने से परहेज किया.
पुष्प के मुताबिक, दोनों कलाकार अपने दृश्यों पर पहले चर्चा करते थे और उसका असर उनके अभिनय में दिखाई देता था. जब उनसे पूछा गया कि क्या उनकी दोस्ती गहरी थी, तो उन्होंने इसका जवाब हां में दिया.
रोमांस की बात खुद नहीं देखी
जब बातचीत इस सवाल पर पहुंची कि क्या दोनों की केमिस्ट्री दोस्ती से आगे जाती हुई कभी महसूस हुई, पुष्प ने इससे इनकार किया. उन्होंने कहा कि उन्होंने इसे उस नजरिए से कभी नहीं देखा. उनके अनुसार, उन्हें दोनों के बीच दोस्ती और आपसी समझ ही दिखाई दी.
पुष्प ने यह भी कहा कि बाद में अखबारों में नाना और मनीषा के कथित रोमांस से जुड़ी बातें पढ़ने और सुनने को मिलीं, लेकिन उन्होंने खुद ऐसा कुछ कभी नहीं देखा. उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म के दौरान उनका मुख्य ध्यान अपने काम पर रहता था—दृश्य देना, शूटिंग देखना और फिर अपने काम में लौट जाना.
‘अग्निसाक्षी’ का निर्देशन पार्थो घोष ने किया था. फिल्म में जैकी श्रॉफ, मनीषा कोइराला और नाना पाटेकर ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई थीं.
