नवा रायपुर के माना-तूता क्षेत्र में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के निर्माण के लिए जंगल में पेड़ों की कटाई को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया. मंगलवार को पेड़ काटे जाने की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काम रोकने की मांग की. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी ग्रामीणों के साथ विरोध जताया. इसके बाद फिलहाल पेड़ों की कटाई रोक दी गई है. मौके पर पुलिस की टीम मौजूद है.

ग्रामीणों का कहना है कि फिल्म सिटी करीब 100 एकड़ क्षेत्र में बनाई जा रही है और इसके लिए बड़ी संख्या में पेड़ काटे जाने की आशंका है. उनका दावा है कि क्षेत्र में काटे जा रहे पेड़ करीब 30 से 40 साल पुराने हैं. ग्रामीणों ने कहा कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन पुराने पेड़ों को हटाकर परियोजना बनाना पर्यावरण के लिहाज से उचित नहीं है.

ग्रामीणों की मांग है कि फिल्म सिटी के लिए नवा रायपुर में किसी दूसरे स्थान का चयन किया जाए. वे लंबे समय से परियोजना के नाम पर जंगल के पेड़ नहीं काटने की मांग कर रहे हैं.

चित्रोत्पला फिल्म सिटी परियोजना

माना-तूता में चित्रोत्पला फिल्म सिटी के साथ ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर भी विकसित किया जा रहा है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 24 जनवरी 2026 को परियोजना का भूमिपूजन किया था. इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ में फिल्म निर्माण, पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा देना है.

परियोजना के तहत फिल्म सिटी के लिए 95.79 करोड़ रुपये और ट्राइबल एंड कल्चरल कन्वेंशन सेंटर के लिए 52.03 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं. दोनों परियोजनाओं को सार्वजनिक-निजी भागीदारी यानी PPP मॉडल पर विकसित करने की योजना है. निजी क्षेत्र से करीब 300 करोड़ रुपये के निवेश की संभावना जताई गई है.

फिल्म सिटी में फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए सड़क, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जैसे स्थायी सेट सहित आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की योजना है. वहीं, कन्वेंशन सेंटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम और प्रदर्शनियां आयोजित की जानी हैं. फिलहाल विवाद का केंद्र निर्माण के लिए पेड़ों की कटाई है.