नवा रायपुर. छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड संगीत, लोककला और शास्त्रीय प्रस्तुतियों का संगम देखने को मिला. राज्योत्सव मेला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और लोक कलाकार उषा बारले ने प्रस्तुतियां दीं.
अभिजीत भट्टाचार्य ने हिंदी फिल्म संगीत के लोकप्रिय गीतों से शाम को यादगार बनाया. उन्होंने ‘चांद तारे’ और ‘बादशाह ओ बादशाह’ जैसे गीत प्रस्तुत किए. ‘बहुत खूबसूरत हो’ और ‘वादा रहा सनम’ जैसे रोमांटिक गीतों पर संगीतप्रेमियों ने कार्यक्रम का आनंद लिया. उनकी प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की अंतिम शाम को बॉलीवुड के सदाबहार नगमों के रंग में रंग दिया.
छत्तीसगढ़ी गीतों से लोकभावना की अभिव्यक्ति
छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी ने अपनी प्रस्तुतियों में प्रदेश की माटी, माता-पिता के सम्मान और प्रेम की भावनाओं को स्वर दिया. उन्होंने ‘छैंया भुइंया ला छोड़ तैं’ गीत से छत्तीसगढ़ की धरती से जुड़े भाव व्यक्त किए. इसके बाद ‘झन भूलौ मां-बाप ला’ के जरिए माता-पिता के त्याग और सम्मान का संदेश दिया.
सुनील सोनी ने ‘मीठ-मीठ लागे मया के बानी’ और छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘हांडा’ के गीत ‘ए गोरी ओ गोरी’ की भी प्रस्तुति दी. इन गीतों ने कार्यक्रम में प्रेम और उल्लास का माहौल बनाया.
शिल्प ग्राम मंच पर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोककला के साथ भारतीय शास्त्रीय संगीत और नृत्य की विविध विधाएं प्रस्तुत कीं. कार्यक्रम में पंडवानी, पंथी नृत्य, कथक और सूफी संगीत भी शामिल रहा. इन प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की अंतिम संध्या को लोक और शास्त्रीय कलाओं के विविध रंगों से भर दिया.
