Kommune और Netflix India ने लोकलाइजेशन राइटिंग पर केंद्रित Voices of Tomorrow कार्यक्रम के पांचवें संस्करण की घोषणा की है. इस बार प्रशिक्षण का फोकस हिंदी फिल्मों और सीरीज को वैश्विक दर्शकों के लिए अंग्रेजी में ढालने वाले लेखकों को तैयार करना है.
कार्यक्रम के लिए 30 प्रतिभागियों का चयन किया जाएगा. तीन महीने का प्रशिक्षण मुंबई में नवंबर 2026, दिसंबर 2026 और जनवरी 2027 के दौरान आयोजित होगा. प्रतिभागियों को लिखित असाइनमेंट पूरे करने के साथ पेशेवर स्टूडियो वर्कफ्लो का अनुभव भी दिया जाएगा.
सबटाइटलिंग और डबिंग अडैप्टेशन पर जोर
प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में स्क्रीनराइटिंग की बुनियाद, डबिंग अडैप्टेशन और सबटाइटलिंग शामिल हैं. कार्यक्रम का उद्देश्य केवल शब्दों का अनुवाद सिखाना नहीं, बल्कि मूल कहानी के भाव, संवाद, हास्य, लय और सांस्कृतिक संदर्भ को दूसरी भाषा के दर्शकों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने की समझ विकसित करना है.
इस संस्करण में लेखक, अभिनेता और निर्देशक ध्रुव सहगल; अनुवादक, अभिनेता और वॉइसओवर आर्टिस्ट साहिल वैद; तथा सबटाइटलर और क्रिएटिव राइटर यूटी भंसाली प्रतिभागियों को प्रशिक्षण देंगे.
अभिनेता और वॉइसओवर आर्टिस्ट शेरनाज पटेल, Kommune के संस्थापक रोशन अब्बास और सबटाइटलर-ट्रांसलेटर मीरा कृष्णन जूरी का हिस्सा होंगे. जूरी भाषा, संवाद, कहानी कहने और सांस्कृतिक अडैप्टेशन की क्षमता के आधार पर आवेदकों का आकलन करेगी.
आवेदन के लिए पात्रता
यह कार्यक्रम 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के भारतीय नागरिकों के लिए खुला है. आवेदकों का हिंदी और अंग्रेजी में दक्ष होना, लोकलाइजेशन के लिए लेखन में रुचि रखना और मुंबई में प्रशिक्षण में शामिल हो पाना जरूरी है. आवेदन के साथ सरकारी पहचान-पत्र की प्रति समेत मांगी गई जानकारी जमा करनी होगी. शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को व्यक्तिगत लेखन परीक्षा के लिए बुलाया जाएगा, जिसके बाद 30 प्रतिभागियों का अंतिम चयन होगा.
Voices of Tomorrow की शुरुआत 2022 में Kommune और Netflix India के सहयोग से हुई थी. इसके पहले चार संस्करणों में 60 से अधिक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया गया. पांचवें संस्करण के साथ कार्यक्रम का दायरा वॉइस परफॉर्मेंस से आगे बढ़कर लोकलाइजेशन लेखन तक पहुंचाया गया है.
