केंद्र सरकार ने Netflix से भारत में पाकिस्तान में बने कंटेंट की स्ट्रीमिंग नहीं करने को कहा है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह निर्देश सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की उस एडवाइजरी के संदर्भ में दिया गया है, जो 8 मई 2025 को जारी की गई थी.
मंत्रालय को Netflix की पहली पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ की भारत में संभावित रिलीज को लेकर कई शिकायतें मिली थीं. इसके बाद कंपनी से संबंधित एडवाइजरी का पालन करने को कहा गया. हालांकि, भारत में इस सीरीज की रिलीज होगी या नहीं, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. Netflix ने भी इस मामले पर कोई सार्वजनिक टिप्पणी नहीं की है.
फिल्म संगठनों ने जताया विरोध
सीरीज की संभावित रिलीज के विरोध में ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा. AICWA ने सीरीज की रिलीज पर रोक लगाने की मांग की. FWICE ने कहा कि वह पाकिस्तानी शो और पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में स्वागत का विरोध करता है. संगठन ने यह भी चेतावनी दी कि सीरीज रिलीज होने पर Netflix के प्रोजेक्ट्स की शूटिंग रोकने का कदम उठाया जा सकता है.
पाकिस्तान के मंत्री अहसान इकबाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि भारत खेल और पानी के बाद अब कला एवं संस्कृति को भी ‘हथियार’ बना रहा है.
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ तीन पीढ़ियों और छह प्रेम कहानियों पर आधारित है. इसका पहला भाग 4 दिसंबर को दुनियाभर में Netflix पर रिलीज होने की योजना है. सीरीज का निर्देशन और निर्माण मोमिना दुरैद ने किया है. इसमें फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर और अन्य पाकिस्तानी कलाकार हैं.
बेंगलुरु में सोशल मीडिया विरोध के बाद पाकिस्तानी सीरीज ‘दर-ए-निजात’ की दो प्रस्तावित स्क्रीनिंग भी रद्द कर दी गईं. पुलिस के अनुसार, आयोजकों ने खुद कार्यक्रम रद्द किए थे और इनके लिए अनुमति नहीं ली थी.
