गायिका निकोल शेरजिंगर और पूर्व स्कॉटिश रग्बी खिलाड़ी थॉम इवांस ने सात साल के रिश्ते के बाद अपनी सगाई खत्म कर दी है. इवांस ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए दोनों के अलग होने की जानकारी दी.

इवांस ने पोस्ट में लिखा कि वह भारी मन से बता रहे हैं कि निकोल और वह अब साथ नहीं हैं. उन्होंने सात साल के प्यार, प्रतिबद्धता और साथ भविष्य की उम्मीदों को याद करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद मुश्किल समय है.

इवांस के मुताबिक, अलग होने का फैसला शेरजिंगर की ओर से लिया गया. उन्होंने लिखा कि भले ही यह वह परिणाम नहीं था जिसकी उन्होंने कभी उम्मीद की थी, लेकिन वह निकोल के फैसले का सम्मान करते हैं और उनके जीवन के अगले अध्याय के लिए उन्हें सच्ची शुभकामनाएं देते हैं. दोनों के अलग होने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है.

ऐसे शुरू हुई थी दोनों की कहानी

शेरजिंगर और इवांस की पहली मुलाकात 2019 में ‘द एक्स फैक्टर’ के दौरान हुई थी. उस समय शेरजिंगर शो की जज थीं और इवांस प्रतियोगी के तौर पर इसमें शामिल हुए थे. शुरुआत में दोनों ने अपने रिश्ते को निजी रखा, लेकिन जनवरी 2020 में गोल्डन ग्लोब्स के एक आफ्टर-पार्टी कार्यक्रम में उन्होंने पहली बार रेड कार्पेट पर साथ उपस्थिति दर्ज कराई.

दोनों ने कोविड-19 लॉकडाउन का समय भी साथ बिताया. जून 2023 में शेरजिंगर ने बताया था कि इवांस ने पुर्तगाल में उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया है. उस समय दोनों ने शेरजिंगर के गृह राज्य हवाई में शादी और यूरोप में रिसेप्शन की योजना पर भी बात की थी.

2024 में शेरजिंगर ने मां बनने की इच्छा भी जाहिर की थी. इवांस से पहले वह निक हेक्सम के साथ सगाई और फॉर्मूला वन चैंपियन लुईस हैमिल्टन के साथ लंबे रिश्ते में रह चुकी हैं. इसके बाद उनका तीन साल तक टेनिस खिलाड़ी ग्रिगोर दिमित्रोव के साथ रिश्ता रहा था.