अभिनेता निमरत कौर ने कश्मीर में अपने पिता मेजर भूपेंद्र सिंह की हत्या को याद करते हुए कहा कि इस घटना का असर उनके परिवार पर आज भी बना हुआ है. एक बातचीत में उन्होंने बताया कि जब यह त्रासदी हुई, तब वह 11 साल की थीं.
निमरत के मुताबिक, उनके पिता सेना में कार्यरत थे और ड्यूटी से लौटते समय कुछ लोगों ने उनका अपहरण कर लिया था. उन्होंने बताया कि अपहरण करने वाले लोग सेना की वर्दी पहने हुए थे और सैनिक होने का दिखावा कर रहे थे.
अभिनेता ने कहा कि उनके पिता को बंधक बनाए जाने के बाद करीब सात दिनों तक परिवार को अलग-अलग मांगों की जानकारी मिलती रही. इन मांगों में भारत में कैद कुछ लोगों की रिहाई भी शामिल थी. सातवें दिन परिवार को उनके पिता की हत्या की खबर मिली.
निमरत ने अपने पिता से जुड़ी आखिरी याद साझा करते हुए कहा कि उन्होंने उन्हें उस सुबह काम के लिए जाते देखा था. इसके बाद अगली बार उन्होंने अपने पिता को ताबूत में देखा. उन्होंने कहा कि इस तरह की विदाई के बाद परिवार को कभी पूरी तरह closure नहीं मिल पाया.
मां ने अकेले संभाली दो बेटियों की परवरिश
निमरत ने बताया कि उनके पिता की मौत के समय उनकी मां 30 से 35 वर्ष के बीच थीं और उन्हें दो छोटी बेटियों की परवरिश अकेले करनी पड़ी. परिवार को ननिहाल पक्ष से मदद मिली, लेकिन उनके अनुसार, पति की मौत के बाद पहले जैसा जीवन पूरी तरह बदल गया था.
उन्होंने अपनी मां की हिम्मत और गरिमा की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल अपना जीवन दोबारा बनाया, बल्कि दोनों बेटियों का जीवन भी संभाला. निमरत के अनुसार, उनकी मां ने यह सब बेहद सम्मान और दृढ़ता के साथ किया.
अभिनेता ने कहा कि बचपन में झेली गई इस घटना ने उन्हें परिवारों के दुख और आतंकवादी हमलों के बाद होने वाले भावनात्मक संघर्ष को समझने का एक अलग नजरिया दिया. उन्होंने कहा कि अपनी मां, बहन और खुद के अनुभवों के कारण वह शोक से गुजर रहे परिवारों की मनःस्थिति को करीब से पहचान पाती हैं.
