ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इस हफ्ते दर्शकों के लिए अलग-अलग जॉनर का नया कंटेंट आया है. Netflix पर ‘चुंबक’ का दूसरा पार्ट रिलीज हुआ है, जबकि मृणाल ठाकुर और हुमा कुरैशी की फिल्म ‘पूजा मेरी जान’ भी ओटीटी पर सीधे रिलीज की गई है. इसके अलावा कॉमेडी, ड्रामा, रोमांस और डॉक्यूमेंट्री पसंद करने वाले दर्शकों के लिए भी विकल्प मौजूद हैं.

कॉमेडी और फैमिली कंटेंट

Netflix की ‘चुंबक’ सीरीज का दूसरा पार्ट एक कॉलोनी में रहने वाले अनोखे पड़ोसियों की कहानी को आगे बढ़ाता है. सीरीज में ये किरदार एक-दूसरे की जिंदगी से इस तरह जुड़े हैं, जैसे चुंबक एक-दूसरे को खींचते हैं. कहानी में कॉमेडी के साथ ट्रैजेडी का मिश्रण भी है.

Prime Video पर ‘दुपहिया’ सीरीज का नया सीजन आया है. इस सीजन की कहानी पेपर लीक और 5G जैसे मुद्दों को कॉमेडी के जरिए पेश करती है. इसे फैमिली ऑडियंस के लिए बनाया गया है.

पंकज त्रिपाठी की ‘ओह माय डॉग’ भी ओटीटी पर उपलब्ध है. यह फिल्म इंसान और जानवर के बीच बने खास रिश्ते पर आधारित इमोशनल ड्रामा है. फिल्म का निर्देशन ‘OMG 2’ के निर्देशक अमित राय ने किया है.

थ्रिलर, रोमांस और डॉक्यूमेंट्री

‘पूजा मेरी जान’ लंबे समय से अटकी हुई फिल्म थी, जिसे अब ओटीटी पर रिलीज किया गया है. मैडॉक फिल्म्स की यह कहानी एकतरफा प्रेम के इर्द-गिर्द घूमती है.

हॉलीवुड अभिनेत्री फ्लोरेंस प्यू की सीरीज ‘ईस्ट ऑफ इडेन’ जॉन स्टाइनबेक के क्लासिक उपन्यास पर आधारित है. इसमें दो पीढ़ियों तक फैले एक परिवार और उसके छिपे रहस्यों को दिखाया गया है.

तमिल वेब सीरीज ‘लव’ में ऐश्वर्या लक्ष्मी नजर आती हैं. कहानी दो ऐसे लोगों की है, जिन्होंने डेटिंग ऐप बनाया है और एक-दूसरे के प्रतिस्पर्धी हैं. समय के साथ उनके बीच रोमांटिक केमिस्ट्री विकसित होती है.

‘द लास्ट फर्स्ट: विंटर K2’ डॉक्यूमेंट्री 2021 में सर्दियों के दौरान K2 फतह करने की ऐतिहासिक कोशिश पर केंद्रित है. इसमें पर्वतारोहियों की कड़ाके की ठंड, कठिन रास्तों और शारीरिक-मानसिक दबाव से जूझने की कहानी दिखाई गई है.