Prime Video की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘Panchayat’ का पांचवां सीजन 2026 में रिलीज नहीं होगा. प्लेटफॉर्म ने यह जानकारी एक पोस्ट के जरिए साझा की, जिसमें बनराकस का किरदार निभाने वाले दुर्गेश कुमार की तस्वीर इस्तेमाल की गई थी. पोस्ट में लिखा गया, “हमें आपको यह बताते हुए खेद है कि पंचायत का अगला सीजन कैद है.” इसके साथ स्पष्ट किया गया कि ‘Panchayat Season 5’ इस साल रिलीज नहीं होगा.

पांचवें सीजन की आधिकारिक कहानी के मुताबिक, अभिषेक त्रिपाठी को फुलेरा में नई और बदले की भावना रखने वाली नेतृत्व व्यवस्था के बीच काम करना होगा. वह अपने MBA के सपने को आगे बढ़ाने की तैयारी करेगा, लेकिन उससे पहले गांव से जुड़े कुछ अधूरे मामलों को सुलझाना होगा.

सीरीज के चौथे सीजन में फुलेरा की सत्ता में बदलाव दिखाया गया था. प्रधान जी और मंजू देवी चुनाव हार गए थे, जिसके बाद क्रांति देवी गांव की प्रधान बनीं. उनके पति बनराकस की भूमिका भी पहले से अधिक प्रभावशाली हो गई. आगामी सीजन में चुनाव के बाद प्रधान जी की जिंदगी और गांव के अन्य किरदारों के बदलते रास्तों पर ध्यान दिया जाएगा.

निर्देशक दीपक कुमार मिश्रा ने पहले बताया था कि पांचवें सीजन की एडिटिंग चल रही थी और इसकी रिलीज अक्टूबर या नवंबर के आसपास हो सकती है, हालांकि तब तारीख तय नहीं हुई थी. उन्होंने यह भी कहा था कि यह सीजन सीरीज का अंतिम भाग नहीं होगा.

‘Panchayat’ का पहला सीजन 3 अप्रैल 2020 को आया था. इसके बाद दूसरा सीजन 18 मई 2022, तीसरा 28 मई 2024 और चौथा 24 जून 2025 को रिलीज हुआ. सीरीज Prime Video पर उपलब्ध है.