अभिनेता पंकज त्रिपाठी ने पत्नी मृदुला त्रिपाठी के साथ मिलकर म्यूजिकल बैंड ‘तत्सत’ की शुरुआत की है. साहित्य आजतक 2026 के मंच पर बैंड की पहली प्रस्तुति हुई. इसी प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन भी हुआ. पंकज और मृदुला ने मंच पर संगीत के साथ अपने रिश्ते, परिवार और जिंदगी से जुड़े कई किस्से साझा किए.

‘तत्सत’ शुरू करने का विचार कैसे आया

मृदुला ने बताया कि वह लंबे समय से संगीत से जुड़ा कुछ करना चाहती थीं. करीब पांच साल पहले कोलकाता यात्रा के दौरान वह दक्षिणेश्वर काली मंदिर गई थीं. वहां रामकृष्ण परमहंस की मूर्ति के नीचे लिखे विचार ‘जितने मत, उतने रास्ते’ ने उन्हें प्रभावित किया. मृदुला के अनुसार, दुनिया में प्रेम की जरूरत है और इसी सोच के साथ बैंड की शुरुआत का विचार आया. पंकज ने इस पहल में उनका पूरा साथ दिया.

पति-पत्नी के तालमेल पर पंकज ने कहा कि वह नहीं चाहते कि हर काम उनके हिसाब से हो, इसलिए मृदुला अपनी इच्छा के अनुसार काम करती हैं. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि दोनों के बीच गंभीर बहस नहीं होती और कभी बहस हो भी तो तकिया-चादर की कीमतों जैसे छोटे मुद्दों पर. जब मृदुला ने कहा कि उन्हें और उनकी बेटी को कभी आपत्ति महसूस नहीं हुई, तो पंकज ने खुद को ‘लोकतांत्रिक इंसान’ बताया.

ट्रेन यात्रा से जुड़ी प्रेम कहानी

अपनी प्रेम कहानी का एक किस्सा सुनाते हुए पंकज ने बताया कि दोनों ट्रेन से कोलकाता जा रहे थे. यात्रा के दौरान एक किताब पढ़कर वे हंस रहे थे. रात में मृदुला ऊपर की बर्थ पर सो गईं, जबकि पंकज जाग रहे थे. उनके बार-बार ऊपर देखने पर एक सहयात्री ने उनसे पूछा कि वह सो क्यों नहीं रहे हैं. पंकज ने जवाब दिया कि उनका भाग्य ऊपर की ओर उदय होगा. उस सहयात्री ने दोनों की जोड़ी को आशीर्वाद दिया. पंकज के मुताबिक, यह घटना दानापुर-हावड़ा एक्सप्रेस की थी.

मृदुला ने शुरुआती संघर्ष के दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने कोई असाधारण काम नहीं किया, बल्कि हर पत्नी अपने पति का साथ देती है. घर की जिम्मेदारियों पर उन्होंने मजाक में कहा कि पंकज प्रबंधन के मामले में कमजोर हैं. पंकज ने रैपिड फायर के दौरान यह भी कहा कि अगर वह अभिनेता नहीं होते, तो अपनी पत्नी के विद्यार्थी बनना चाहते.

कार्यक्रम में पंकज ने राजनीति में जाने की इच्छा से इनकार किया. उन्होंने कहा कि वह केवल चुनावों पर नजर रखते हैं और राजनीति में जाने में उनकी दिलचस्पी नहीं है. अंत में उन्होंने केदारनाथ सिंह की कविता की पंक्तियां और अटल बिहारी वाजपेयी की कविता ‘ऊंचाई’ सुनाई.