अभिनेता परेश रावल ने एक इंटरव्यू में फिल्म ‘घातक’ की शूटिंग के दौरान लगी पैर की गंभीर चोट और उसके बाद अपनाए गए एक असामान्य तरीके के बारे में बताया. रावल के मुताबिक, उन्होंने 15 दिनों तक सुबह का पहला पेशाब पीया था. उन्होंने यह खुलासा अप्रैल 2025 में ‘द लल्लनटॉप’ को दिए इंटरव्यू में किया था.

रावल ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान एक दृश्य में उन्हें मछली बाजार में घसीटा जाना था. नए जूते पहनकर गीले फर्श पर शूटिंग के दौरान वह फिसल गए और सीधे घुटने के बल गिर पड़े. उनके अनुसार, चोट इतनी गंभीर थी कि उन्हें अपने अभिनय करियर को लेकर चिंता होने लगी थी. अभिनेता टीनू आनंद और डैनी डेन्जोंगपा उन्हें इलाज के लिए पास के नानावटी अस्पताल ले गए थे.

वीरू देवगन ने दी थी सलाह

रावल के अनुसार, चोट के बारे में पता चलने पर एक्शन निर्देशक वीरू देवगन ने उन्हें सुबह का पहला पेशाब पीने की सलाह दी. रावल ने बताया कि देवगन ने कहा था कि पहलवान भी ऐसा करते हैं और इससे उन्हें परेशानी नहीं होगी. उन्होंने पिछली रात शराब नहीं पीने की सलाह भी दी थी.

रावल ने कहा कि उन्होंने इस तरीके को 15 दिनों तक अपनाया. उनके मुताबिक, वह इसे एक बार में पीने के बजाय धीरे-धीरे पीते थे. 15 दिन बाद हुए एक्स-रे में डॉक्टर ने चोट में हुई प्रगति पर आश्चर्य जताया. अभिनेता ने बताया कि उन्हें अस्पताल में करीब दो से ढाई महीने रहने की उम्मीद थी, लेकिन वह लगभग डेढ़ महीने बाद काम पर लौट आए.

पेशाब पीने को इलाज न मानें

इस प्रथा को यूरिन थेरेपी, यूरोथेरेपी या यूरोफेजिया कहा जाता है. इसमें व्यक्ति अपना पेशाब पीता है. हालांकि, रावल का बयान उनके व्यक्तिगत अनुभव तक सीमित है और इसे किसी प्रमाणित उपचार की सिफारिश नहीं माना जा सकता.

पेशाब किडनी द्वारा रक्त को छानने के बाद बनने वाला द्रव है, जिसमें पानी के साथ यूरिया, यूरिक एसिड, क्रिएटिनिन और इलेक्ट्रोलाइट्स जैसे पदार्थ मौजूद होते हैं. पेशाब को पूरी तरह संक्रमण-मुक्त मानना भी सही नहीं है. किसी चोट या बीमारी के इलाज के लिए डॉक्टर की सलाह और प्रमाणित चिकित्सा पद्धति का ही पालन करना चाहिए.