अभिनेता पॉल रुड ने कहा है कि उन्होंने कुछ समय से फिल्म सेट पर अपना फोन ले जाना बंद कर दिया है. उनका मानना है कि स्मार्टफोन की आदत लगभग सभी लोगों को प्रभावित कर रही है और ये उपकरण लोगों को एक-दूसरे से दूर कर रहे हैं.

रुड ने यह बात फिल्म ‘A Statement’ के न्यूयॉर्क फिल्म फेस्टिवल में वर्ल्ड प्रीमियर के दौरान कही. फिल्म का निर्देशन ऑस्कर विजेता टॉम मैकार्थी ने किया है. इसमें रुड एक ऐसे सम्मेलन के मॉडरेटर की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका उद्देश्य अमेरिका के जलवायु संकट का समाधान तलाशना है.

कहानी 1980 में फ्लोरिडा के एक समुद्र किनारे स्थित रिसॉर्ट में आयोजित बैठक पर आधारित है. इसमें 20 विशेषज्ञ कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन के जलवायु पर असर को लेकर कांग्रेस के लिए एक बयान तैयार करने पर चर्चा करते हैं. कलाकारों में पॉल जियामाटी, तातियाना मसलानी और जॉन टर्टुरो भी शामिल हैं.

रुड के अनुसार, मैकार्थी ने फिल्म के सेट पर फोन के इस्तेमाल पर सख्त रोक लगाई थी. इससे कलाकारों को आपस में बातचीत करने और साथ समय बिताने का मौका मिला. उन्होंने कहा कि फोन हटने के बाद सेट का माहौल उन्हें पुराने समय जैसा लगा, जब लोग एक-दूसरे से आमने-सामने बैठकर बात करते थे.

फिल्म में एमी रयान भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं. उन्होंने कहा कि नोटिफिकेशन और लगातार स्क्रॉलिंग से दूरी ने काम को अधिक समृद्ध बनाया. रयान के मुताबिक, छोटे ब्रेक के दौरान कलाकार फोन देखने के बजाय दृश्य, दिन और काम को लेकर एक-दूसरे से बात करते थे.