अभिनेता प्रभास ने एक पुराने इंटरव्यू में अपने बचपन, परिवार की आर्थिक परेशानियों और फिल्मों में आने के फैसले के बारे में बात की थी. उन्होंने बताया था कि बचपन में वह काफी संकोची स्वभाव के थे और लोगों के सामने प्रदर्शन करने की कल्पना भी उन्हें आसान नहीं लगती थी.
प्रभास के पिता निर्माता थे, जबकि उनके चाचा अभिनेता के तौर पर काम करते थे. उन्होंने बताया था कि परिवार को फिल्म उद्योग के कामकाज से परिचित होने के बावजूद उन्होंने बचपन में बाल कलाकार बनने में कोई रुचि नहीं दिखाई थी. उनके अनुसार, जब उनसे पूछा गया कि क्या वह बाल कलाकार बनना चाहेंगे, तो उन्होंने साफ तौर पर मना कर दिया था.
परिवार की आर्थिक मुश्किलों का असर
प्रभास ने यह भी बताया था कि उनके पिता और चाचा के फिल्म उद्योग से अलग होने के बाद परिवार को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ा. उनके मुताबिक, यह दौर उनके जीवन में एक महत्वपूर्ण मोड़ बना और इसी अनुभव ने अभिनय को करियर के तौर पर देखने में भूमिका निभाई.
बाद में उन्होंने अभिनय की कक्षाओं में दाखिला लिया और अभिनेता डॉ. सत्यानंद से प्रशिक्षण लिया. प्रभास ने बताया था कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को जानवरों की नकल करने जैसे अभ्यास भी कराए जाते थे. ऐसे अभ्यासों से उन्हें लोगों के सामने खुद को व्यक्त करने और झिझक कम करने में मदद मिली.
प्रभास ने तेलुगु सिनेमा से शुरुआत कर देशभर में पहचान बनाई. एस.एस. राजामौली की ‘बाहुबली’ फिल्मों को उनके करियर का बड़ा turning point माना जाता है. इसके बाद वह ‘सालार: पार्ट 1 – सीजफायर’ और ‘कल्कि 2898 एडी’ जैसी फिल्मों में नजर आए.
