राजकुमार राव की आगामी फिल्म ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ का आधिकारिक ट्रेलर जारी हो गया है. फिल्म 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के बाद हुए मुकदमे और विशेष लोक अभियोजक उज्ज्वल निकम की कानूनी लड़ाई पर केंद्रित है. इसका निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है और निर्माण Maddock Films के बैनर तले हुआ है.
ट्रेलर की शुरुआत 26 नवंबर 2008 की रात छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर हुए हमले की याद दिलाने वाली आवाज के साथ होती है. इसके बाद कहानी अदालत की कार्यवाही और उस मुकदमे के दौरान बने राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय दबाव की ओर बढ़ती है. राजकुमार राव फिल्म में उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं.
ट्रेलर में अजमल कसाब के मुकदमे से जुड़े एक अहम दावे को भी दिखाया गया है. कहानी के अनुसार, कसाब ने खुद को निर्दोष बताते हुए यह दावा किया कि वह हमलों के समय नाबालिग था. उसने यह भी कहा कि वह अमिताभ बच्चन का घर देखने के लिए पर्यटक के तौर पर मुंबई आया था. बचाव पक्ष की ओर से यह तर्क दिया जाता है कि मामला किशोर न्यायालय में भेजा जाए, जहां अधिकतम सजा तीन साल हो सकती है.
इसके जवाब में निकम संवैधानिक प्रक्रिया और लोकतांत्रिक कानूनी व्यवस्था का पक्ष रखते नजर आते हैं. ट्रेलर में मुकदमे को आतंकवाद और कानून के बीच टकराव के रूप में प्रस्तुत किया गया है.
सिकंदर खेर फिल्म में कसाब के बचाव पक्ष के वकील की भूमिका में हैं. जयदीप अहलावत, आशीष विद्यार्थी, वामिका गब्बी और नासिर भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे. ‘प्रहार’ 16 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
