टीवी अभिनेत्री प्रीतिका राव ने बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग परिसर में शादी कर ली है. अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर शादी की कुछ तस्वीरें साझा कीं, लेकिन उनके पति का चेहरा छिपा रखा. उन्होंने विवाह की तारीख या पति की पहचान के बारे में कोई जानकारी नहीं दी है.

प्रीतिका ने अपनी पोस्ट में बताया कि शादी उनके गुरुदेव श्री श्री रविशंकर, माता-पिता, बहन अमृता राव, रिश्तेदारों और दोस्तों के आशीर्वाद से हुई. उन्होंने आर्ट ऑफ लिविंग परिसर को सुंदर और शांत जगह बताते हुए कहा कि श्री श्री रविशंकर व्यक्तिगत रूप से उनके विवाह समारोह में शामिल हुए और उन्हें आशीर्वाद दिया.

अभिनेत्री ने यह भी लिखा कि उन्होंने शादी की केवल कुछ तस्वीरें साझा करने का फैसला किया, क्योंकि यह पल उनके लिए बेहद निजी और पवित्र है. प्रीतिका के अनुसार, वह अब एक पारंपरिक तमिल-ब्राह्मण परिवार का हिस्सा बनी हैं. उन्होंने इस परिवार की संस्कृति को अपनी कर्नाटक की मैंगलोरियन जड़ों के समान बताया.

प्रीतिका के लिए इस साल की दो बड़ी उपलब्धियां

प्रीतिका ने बताया कि श्री श्री रविशंकर के साथ उनके आध्यात्मिक पॉडकास्ट करीब तीन साल पहले शुरू हुए थे. हाल में उन्हें अपने वैदिक ज्योतिष पॉडकास्ट के लिए संस्कृति मंत्रालय की ओर से प्रशंसा-पत्र से सम्मानित किए जाने की जानकारी भी साझा की गई थी. अभिनेत्री ने शादी और इस सम्मान को अपने साल की दो बड़ी उपलब्धियां बताया.

प्रीतिका राव को टेलीविजन शो ‘बेइंतहा’ से पहचान मिली थी, जिसमें उन्होंने हर्षद अरोड़ा के साथ काम किया. इसके बाद वह ‘लव का है इंतजार’ में भी नजर आईं.