प्रियंका चोपड़ा ने पति और गायक निक जोनस के जन्मदिन पर सोशल मीडिया के जरिए उन्हें शुभकामना दी. उन्होंने निक के साथ बिताए निजी पलों की तस्वीरों और वीडियो का एक संग्रह साझा किया, जिसमें उनकी बेटी मालती मैरी के साथ उनका एक खास पल भी दिखाई देता है.
साझा किए गए वीडियो में निक पियानो बजाते नजर आ रहे हैं, जबकि मालती उनके साथ रिहाना के लोकप्रिय गाने ‘Diamonds’ पर गाती दिखाई देती हैं. वीडियो में मालती पैरों से ताल देती और संगीत का आनंद लेती नजर आती हैं. पोस्ट में प्रियंका और निक के गोल्फ खेलने का एक पल, रेस्तरां की तस्वीर और टूर बस के अंदर की झलक भी शामिल है.
प्रियंका ने जन्मदिन संदेश में निक को उनके परिवार के सपने पूरे करने के लिए धन्यवाद दिया. उन्होंने लिखा, “Happy birthday to the man that makes all our dreams come true.. everyday. We love you Gaga. Sound on.” इस संदेश के साथ उन्होंने निक और मालती को भी टैग किया.
निक को प्रियंका की मां मधु चोपड़ा ने भी जन्मदिन की शुभकामना दी. उन्होंने निक को परिवार का हिस्सा बनने के लिए आभार जताते हुए लिखा कि वे उनके लिए केवल दामाद नहीं, बल्कि बेटे जैसे हैं. मधु चोपड़ा ने निक की दयालुता, मेहनत और परिवार के प्रति उनके प्रेम की तारीफ की.
प्रियंका और निक की शादी
प्रियंका और निक की बातचीत 2016 में सोशल मीडिया पर शुरू हुई थी. दोनों की मुलाकात 2017 में एक समारोह में हुई और इसके बाद उन्होंने डेटिंग शुरू की. निक ने जुलाई 2018 में प्रियंका को प्रपोज किया. दोनों ने दिसंबर 2018 में जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की.
जनवरी 2022 में दंपति ने सरोगेसी के जरिए बेटी मालती मैरी के जन्म की जानकारी साझा की थी.
