क्वेंटिन टैरेंटिनो ने अपनी दसवीं फीचर फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी कर ली है, लेकिन फिलहाल वह इसके निर्माण की दिशा में आगे नहीं बढ़ना चाहते. निर्देशक ने कहा कि पहले वह अपने नए नाटक ‘द पॉपिनजे कैवेलियर’ पर ध्यान देंगे, फिर परिवार के साथ समय बिताकर तय करेंगे कि आगे क्या करना है.

टैरेंटिनो ने यह जानकारी ‘द ग्राहम नॉर्टन शो’ के हालिया एपिसोड में दी. एक दशक से अधिक समय बाद शो में लौटे निर्देशक ने कहा, “मैंने एक ऐसी स्क्रिप्ट लिखी है जो मुझे बहुत पसंद है, लेकिन मैं नाटक करना चाहता हूं और देखना चाहता हूं कि मैं कौन हूं. इसके बाद मैं परिवार के साथ समय बिताऊंगा, थोड़ा जीवन जीऊंगा और फिर तय करूंगा कि क्या करना है.”

टैरेंटिनो लंबे समय से कहते रहे हैं कि वह अपनी दसवीं फिल्म के बाद निर्देशन से संन्यास ले सकते हैं. हालांकि, उनके हालिया बयान से संकेत मिलता है कि इस परियोजना पर काम तुरंत शुरू नहीं होगा. उन्होंने फिल्म की कहानी या संभावित कलाकारों से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है.

नाटक से फिल्म तक का सफर

‘द पॉपिनजे कैवेलियर’ की शुरुआत एक पटकथा के रूप में हुई थी. टैरेंटिनो के अनुसार, बाद में उन्हें लगा कि यह कहानी मंचीय नाटक के रूप में बेहतर काम करेगी. साचा बैरन कोहेन अभिनीत यह ‘स्वैशबकलिंग कॉमेडी’ अगले साल लंदन के फीनिक्स थिएटर में प्रदर्शित होगी. इसके पूर्वाभ्यास फरवरी के अंत में शुरू होंगे और नाटक का मंचन 13 जून तक, लगभग तीन महीने चलेगा.

टैरेंटिनो की पिछली फिल्म ‘वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड’ 2019 में रिलीज हुई थी. इसमें ब्रैड पिट, लियोनार्डो डिकैप्रियो और मार्गोट रॉबी मुख्य भूमिकाओं में थे. फिल्म के लिए पिट ने सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का ऑस्कर जीता था.