रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 की सांस्कृतिक संध्या गीत-संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियों से जीवंत रही. बॉलीवुड गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुति कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण बनी. उन्होंने ‘कौन तुझे यूं प्यार करेगा...’ और ‘जुम्मे की रात...’ सहित लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए. इन गीतों पर दर्शक देर रात तक झूमते और नाचते रहे.
पलक मुच्छल की आवाज और मंचीय प्रस्तुति पर युवाओं में खासा उत्साह दिखाई दिया. दर्शकों ने उनकी लोकप्रिय गीतों की फरमाइश की और तालियों के साथ कलाकार का उत्साह बढ़ाया.
छत्तीसगढ़ी गीत से हुई शुरुआत
सांस्कृतिक संध्या की शुरुआत छत्तीसगढ़ के गायक अनुराग शर्मा ने ‘गीत कोनो गाहु तोर नाम के’ की प्रस्तुति से की. उनके गीत ने कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी लोकसंगीत का रंग जोड़ा. प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने तालियों के साथ उनका स्वागत किया.
इसके बाद दम क्वीन बैंड ने संगीतमय प्रस्तुति दी. बैंड के कलाकारों ने अपनी धुनों और तालमेल से दर्शकों का मनोरंजन किया.
कार्यक्रम में महाराष्ट्र की पारंपरिक लावणी भी प्रस्तुत की गई. पारंपरिक वेशभूषा, लयबद्ध नृत्य और भावपूर्ण मुद्राओं के जरिए कलाकारों ने महाराष्ट्र की लोकसंस्कृति की झलक दिखाई.
छत्तीसगढ़ की लोक गायिका आरू साहू ने भक्तिमय गीत से अपनी प्रस्तुति शुरू की. इसके बाद उन्होंने कई छत्तीसगढ़ी गीत पेश किए, जिन्हें दर्शकों ने पसंद किया. राज्योत्सव की इस सांस्कृतिक शाम में छत्तीसगढ़ी लोककला के साथ देश की अलग-अलग सांस्कृतिक परंपराओं का संगम देखने को मिला.
