रायपुर के जेल रोड स्थित मेडिकल कॉलेज ऑडिटोरियम में रोलबोल यूथ कॉन्क्लेव 2026 का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राजनीति, सिनेमा, कारोबार, स्वास्थ्य, डिजिटल मीडिया और क्रिएटिव क्षेत्र से जुड़े वक्ताओं ने युवाओं से संवाद किया. कॉन्क्लेव का फोकस सफलता के साथ उसके पीछे की मेहनत, संघर्ष और अनुभवों को सामने लाने पर रहा.
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब और रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल विशिष्ट अतिथि रहे. वक्ताओं ने युवाओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया.
कॉन्क्लेव में अलग-अलग क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी यात्रा साझा की. धुरंधर के रिसर्च कंसल्टेंट आदित्य राज कौल ने अपने अनुभव बताए. कारोबारी दीपक सांघवी ने अपनी कारोबारी यात्रा पर बात की और बताया कि उन्होंने अपना व्यवसाय बढ़ाकर करीब 500 करोड़ रुपये की कंपनी खड़ी की. यह आंकड़ा उनके कार्यक्रम में साझा किए गए अनुभव पर आधारित है.
बॉलीवुड अभिनेता दर्शन कुमार ने फिल्मी दुनिया में अपने संघर्ष और सफर के बारे में बताया. केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने भी युवाओं के साथ अपनी जीवन यात्रा और अनुभव साझा किए. कार्यक्रम में रोलबोल के संस्थापक दर्शन सांखला भी मौजूद रहे.
पैनल डिस्कशन में कृष्णा पब्लिक स्कूल के आशुतोष त्रिपाठी, मेघ गंगा ग्रुप के मनीष पारख, संजीवनी कैंसर हॉस्पिटल के डॉ. यूसुफ मेमन, लंदन परफ्यूम के संस्थापक शौमित शर्मा, संगीतकार मोंटी शर्मा, निर्देशक दीपक गर्ग, मुंबई की प्रतीक्षा जेड, फूड ब्लॉगर अमर सिरोही और मैनिफेस्टेशन कोच शिखर चौधरी सहित कई प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया.
आयोजकों के अनुसार, कॉन्क्लेव का उद्देश्य युवाओं को केवल उपलब्धियों से परिचित कराना नहीं, बल्कि उन तक पहुंचने की प्रक्रिया और सीख से भी रूबरू कराना था.
