निर्देशक राजकुमार हिरानी ने फिल्मों और शोज में जरूरत से ज्यादा गालियों के इस्तेमाल पर अपनी राय रखी है. कोमल नाहटा के साथ बातचीत में हिरानी और लेखक अभिजात जोशी ने अपनी यादगार फिल्मों समेत लेखन और भाषा से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की.

हिरानी ने कहा कि हर किरदार की अपनी भाषा और बोलने का तरीका होता है. उन्होंने ‘3 Idiots’ के उदाहरण से समझाया कि रणछोड़दास ‘रैंचो’ का बोलने का अंदाज राजू से अलग है, जबकि चतुर हिंदी ठीक से नहीं जानता, इसलिए उसकी भाषा भी अलग दिखाई देती है. उनके मुताबिक, अगर किसी किरदार की सामाजिक पृष्ठभूमि में गाली देना आम है, तो उस संदर्भ में ऐसी भाषा का इस्तेमाल कहानी के लिहाज से उचित हो सकता है.

हालांकि, निर्देशक ने केवल चलन या दर्शकों को प्रभावित करने के लिए हर संवाद में गालियां जोड़ने पर आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि दर्शक एक सीमा तक इसे स्वीकार कर सकते हैं, लेकिन लगातार गालियां सुनकर उन्हें यह जरूरत से ज्यादा लगने लगता है.

हिरानी ने यह भी कहा कि किसी शो की असली याद उसके किरदारों, कहानी, कथानक और थीम से बनती है. दर्शक यह याद नहीं रखते कि उसमें 200 गालियां थीं. उनके अनुसार, गालियों का इस्तेमाल थोड़े समय के लिए असर डाल सकता है, लेकिन लंबे समय में कहानी और किरदार ही टिकते हैं.