सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता राजपाल यादव को कनाडा में फिल्म शूटिंग के लिए यात्रा करने की अनुमति देने का रास्ता साफ कर दिया है. अदालत ने कहा कि उनका पासपोर्ट ट्रायल कोर्ट द्वारा तय की जाने वाली शर्तों के अधीन जारी किया जा सकता है. विदेश यात्रा से लौटने के बाद अभिनेता को ट्रायल कोर्ट को इसकी जानकारी देनी होगी.

अदालत ने राजपाल यादव और उनके लेनदारों के बीच चल रहे वित्तीय विवाद को मध्यस्थता के लिए भेज दिया. पीठ ने माना कि मामले की जटिलता और जुड़े मुद्दों को देखते हुए आपसी सहमति से समाधान की कोशिश की जानी चाहिए. इसके लिए एक मध्यस्थ नियुक्त किया गया है. दोनों पक्षों को मध्यस्थ से संपर्क कर सुनवाई की तारीख तय करने को कहा गया है. मध्यस्थ जरूरत के अनुसार पक्षों को व्यक्तिगत रूप से या ऑनलाइन पेश होने के लिए कह सकता है.

अदालत के रिकॉर्ड के अनुसार, ₹2 करोड़ की राशि पहले ही उसकी रजिस्ट्री में जमा की जा चुकी है. पासपोर्ट से जुड़ा आदेश अभिनेता को पेशेवर प्रतिबद्धता पूरी करने का अवसर देता है, लेकिन विदेश यात्रा ट्रायल कोर्ट की शर्तों पर निर्भर रहेगी.

चेक बाउंस विवाद की पृष्ठभूमि

यह विवाद 2010 से जुड़ा है, जब राजपाल यादव ने अपनी फिल्म ‘अता पता लापता’ के निर्माण के लिए Murali Projects Pvt Ltd से ₹5 करोड़ लिए थे. फिल्म के कमजोर प्रदर्शन के बाद हुए नुकसान के बीच रकम लौटाने को लेकर समझौता हुआ था. उपलब्ध विवरण के अनुसार, राजपाल यादव, उनकी पत्नी और उनकी कंपनी ने ब्याज सहित भुगतान पर सहमति जताई थी.

2013 में अभिनेता ने भुगतान के लिए ₹1.05 करोड़ के सात चेक जारी किए, लेकिन सभी चेक बाउंस हो गए. इसके बाद उनके खिलाफ सात चेक बाउंस मामले दर्ज हुए. हाल की सुनवाई में यादव ने कहा था कि फिल्म से उन्हें ₹17 करोड़ का नुकसान हुआ और लंबे कानूनी विवाद का असर उनके करियर और प्रतिष्ठा पर पड़ा.