फिल्मकार राम कमल मुखर्जी ने बंगाली फिल्म ‘लोख्खिकांतपुर लोकल’ के लिए 11वें इंटरनेशनल इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ टोरंटो में सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार जीता है. इसी श्रेणी में फिल्मकार कबीर खान को ‘चंदू चैंपियन’ के लिए सम्मान मिला.
‘लोख्खिकांतपुर लोकल’ का निर्माण संगीता सिन्हा ने Angel Creations के बैनर तले किया है. फिल्म में रितुपर्णा सेनगुप्ता, पाओली दाम, कौशिक गांगुली, इंद्रनील सेनगुप्ता, चंद्रायी घोष, सयानी घोष, जॉन भट्टाचार्य, राजनंदिनी पॉल और देबाशीष मंडल प्रमुख भूमिकाओं में हैं. संगीता सिन्हा ने फिल्म में अभिनय भी किया है.
पुरस्कार पर प्रतिक्रिया देते हुए राम कमल मुखर्जी ने कहा कि अपनी मातृभाषा में कही गई कहानी को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलना उनके लिए खास तौर पर भावुक करने वाला क्षण है. उन्होंने कहा कि फिल्म उन लोगों, जगहों और कहानियों को सामने लाती है, जो अक्सर नजरअंदाज रह जाते हैं, लेकिन रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा हैं.
निर्देशक ने यह सम्मान निर्माता संगीता सिन्हा, अपनी पूरी निर्देशन टीम और IIFFT की जूरी को समर्पित किया. उन्होंने कबीर खान के साथ यह सम्मान साझा करने को भी विशेष बताया.
राम कमल मुखर्जी को 2023 में हिंदी लघु फिल्म ‘एक दुआ’ के लिए अपना पहला राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था. ‘लोख्खिकांतपुर लोकल’ के लिए मिला नया सम्मान उनके निर्देशन करियर में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है.
निर्माता संगीता सिन्हा ने कहा कि सीमित वित्तीय संसाधनों के बावजूद क्षेत्रीय सिनेमा की फिल्म ने अपनी कहानी और कलाकारों के प्रदर्शन के आधार पर दर्शकों और निर्णायकों का ध्यान खींचा. फिल्म के लिए चंद्रायी घोष को 2026 के West Bengal Film Journalists Awards में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार भी मिला है.
