'रामायण' ने रिलीज के दो हफ्तों के भीतर भारतीय बॉक्स ऑफिस पर ₹1,000 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर लिया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के निर्माण में बनी यह फिल्म दुनिया भर में ₹1,500 करोड़ से अधिक कमाई करने वाली फिल्मों की सूची में भी शामिल हो गई है.
रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने 14वें दिन भारत में सभी भाषाओं से अनुमानित ₹23.20 करोड़ नेट कमाए. इसके साथ भारत में इसका कुल नेट कलेक्शन ₹844.40 करोड़ और घरेलू ग्रॉस कलेक्शन लगभग ₹1,009.05 करोड़ हो गया. 14वें दिन की कमाई 13वें दिन के ₹28.60 करोड़ के मुकाबले 18.9% कम रही.
अलग-अलग भाषाओं से कमाई
14वें दिन हिंदी संस्करण ने अनुमानित ₹16.50 करोड़ कमाए. यह कमाई 17,661 शो से हुई बताई गई है. मलयालम संस्करण का योगदान ₹2.15 करोड़, कन्नड़ डब संस्करण का ₹1.65 करोड़, तमिल संस्करण का ₹1.60 करोड़ और तेलुगु संस्करण का ₹1.30 करोड़ रहा.
विदेशी बाजारों से फिल्म ने 14वें दिन करीब ₹8 करोड़ कमाए. इससे इसका कुल विदेशी ग्रॉस कलेक्शन ₹510 करोड़ तक पहुंच गया. घरेलू और विदेशी कमाई को मिलाकर फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन अनुमानित ₹1,519.05 करोड़ बताया गया है.
रिपोर्ट्स में फिल्म को भारत में ₹1,000 करोड़ ग्रॉस क्लब में पहुंचने वाली छठी भारतीय फिल्म और तीसरी हिंदी फिल्म बताया गया है. इस उपलब्धि के साथ रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्मों ने पहली बार भारत में यह आंकड़ा पार किया है.
