‘रामायण’ फिल्म का नया गीत ‘मंगल रंग’ जारी हो गया है. यह गीत भगवान राम और माता सीता के संबंध, विवाह और साथ बिताए जीवन की भावनात्मक झलकियों को केंद्र में रखता है. गाने में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आ रहे हैं.
‘मंगल रंग’ के दृश्य भव्य महलों, प्राकृतिक परिदृश्यों और राम-सीता के विवाह प्रसंगों से होकर गुजरते हैं. गीत में अयोध्या के राजसी वातावरण के साथ-साथ विवाह की पवित्रता और उसके बाद की यात्रा को भी दिखाया गया है. वनवास से जुड़े दृश्य राम और सीता के रिश्ते के एक अलग भावनात्मक पक्ष को सामने लाते हैं.
यह गीत ‘World of Ramayana’ और T-Series के आधिकारिक YouTube चैनलों पर उपलब्ध है. इसे सभी प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर भी जारी किया गया है. ‘मंगल रंग’ का हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम—पांच भाषाओं में एक साथ रिलीज किया गया है.
पांच भाषाओं में अलग-अलग आवाजें
हिंदी संस्करण का संगीत ए. आर. रहमान ने तैयार किया है और इसके बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं. हिंदी गाने को अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल ने आवाज दी है. तमिल संस्करण में अभय जोधपुरकर और सैन्धवी ने गाया है, जबकि इसके बोल कार्तिक नेथा ने लिखे हैं.
तेलुगु संस्करण में राघव कौशिक और वैशाली सामंत की आवाज है और गीत के बोल राकेंदु मौली ने लिखे हैं. कन्नड़ संस्करण अरमान मलिक और बेला शेंडे ने गाया है, जिसके बोल कार्तिक सरागुर के हैं. मलयालम संस्करण में नरेश अय्यर और अमृता राजन की आवाज है तथा बोल विनायक शशिकुमार ने लिखे हैं.
ए. आर. रहमान ने कहा कि ‘रामायण’ पीढ़ियों से लोगों के दिलों में बसी कहानी है और संगीत के माध्यम से इस पर काम करना उनके लिए विशेष अनुभव रहा. उनके अनुसार, गीत में राम और सीता के रिश्ते की पवित्रता, कोमलता और भक्ति को बनाए रखने की कोशिश की गई है.
अरिजीत सिंह ने रामायण को जीवन, चेतना और मानवीय जुड़ाव से जुड़ी कालजयी कहानी बताया. श्रेया घोषाल ने राम और सीता के रिश्ते में विश्वास, समझ और शांत मजबूती को इस गीत की खासियत बताया. कुमार विश्वास ने कहा कि राम के दिव्य विवाह की भव्यता को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त कर पाना उनके लिए कठिन था और उन्होंने इसे देवी सरस्वती की कृपा से बनी रचना माना.
फिल्म में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, यश, सनी देओल और रवि दुबे प्रमुख भूमिकाओं में हैं. यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं. फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होने वाली है.
