रणबीर कपूर और यश अभिनीत फिल्म ‘Ramayana: Part 1’ के निर्माताओं ने सिनेमाघरों में फिल्म की रिकॉर्डिंग करने और उसके फुटेज को बिना अनुमति साझा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है. फिल्म 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी.

निर्माताओं की ओर से जारी कानूनी नोटिस में कहा गया है कि फिल्म के कुछ हिस्सों की कथित अनधिकृत रिकॉर्डिंग सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर प्रसारित हो रही है. नोटिस के मुताबिक, किसी भी व्यक्ति को फिल्म या उसके किसी हिस्से को रिकॉर्ड करने, अपलोड करने, साझा करने या डिजिटल माध्यम से वितरित करने की अनुमति नहीं है.

साझा किए गए वीडियो हटाने की अपील

निर्माताओं ने उन लोगों से भी रिकॉर्ड किए गए वीडियो और क्लिप अपने सोशल मीडिया अकाउंट या अन्य प्लेटफॉर्म से तुरंत हटाने को कहा है, जिन्होंने उन्हें पहले ही पोस्ट या साझा किया है. नोटिस में कहा गया है कि उल्लंघन की जानकारी संबंधित अधिकारियों और डिजिटल प्लेटफॉर्म को दी जाएगी.

निर्माताओं ने चेतावनी दी है कि जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अलग से नोटिस दिए बिना आपराधिक, दीवानी और अदालत की अवमानना से जुड़ी कार्यवाही की जा सकती है.

बॉम्बे हाईकोर्ट के आदेशों का हवाला

नोटिस में बॉम्बे हाईकोर्ट के 2 नवंबर और 6 नवंबर 2026 के आदेशों का हवाला दिया गया है. निर्माताओं के अनुसार, ये आदेश Commercial IP Suit (L) No. 37230 of 2026 से जुड़े हैं और इनमें ज्ञात तथा अज्ञात व्यक्तियों को फिल्म की अनधिकृत रिकॉर्डिंग या वितरण से रोका गया है.

नोटिस में ऐसे कृत्यों को कॉपीराइट उल्लंघन बताते हुए Copyright Act, 1957, Cinematograph Act, 1952, भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 और Information Technology Act, 2000 के तहत संभावित दंड का उल्लेख किया गया है.

‘Ramayana: Part 1’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है. फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी देवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं.