नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: पार्ट वन’ को लेकर रिलीज योजना सामने आई है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, भारत में फिल्म के पेड प्रीव्यू 4 नवंबर को होंगे, जबकि इसकी वैश्विक रिलीज 5 नवंबर से शुरू होने की योजना है. हालांकि, रिलीज शेड्यूल को अभी पूरी तरह अंतिम नहीं बताया गया है और इसमें बदलाव संभव है.

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी देवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे. फिल्म के प्रमुख कलाकारों में सनी देओल और रवि दुबे के अलावा इंदिरा कृष्णन, शीबा चड्ढा, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय और काजल अग्रवाल के नाम भी शामिल हैं.

विदेशों में रिलीज का प्रस्तावित शेड्यूल

रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, दक्षिण-पूर्व एशिया, मध्य-पूर्व, जर्मनी, यूरोप के अन्य हिस्सों और लैटिन अमेरिका में फिल्म 5 नवंबर को रिलीज करने की योजना है. ब्रिटेन, दक्षिण अफ्रीका और मॉरीशस के लिए 6 नवंबर की तारीख बताई गई है.

चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और हांगकांग के लिए अभी कोई पक्की रिलीज तारीख सामने नहीं आई है. इन बाजारों में फिल्म बाद में रिलीज हो सकती है या वैश्विक रिलीज के साथ शामिल की जा सकती है.

‘रामायण’ को दो हिस्सों में बनाया जा रहा है. इसके दूसरे भाग को दिवाली 2027 के दौरान सिनेमाघरों में लाने की योजना बताई गई है.

सितंबर में साझा किए गए एक बिहाइंड-द-सीन वीडियो में रणबीर कपूर ने भगवान राम की भूमिका को अभिनय से अधिक जिम्मेदारी बताया था. उन्होंने कहा था कि राम की सबसे बड़ी शक्ति उनका धनुष नहीं, बल्कि उनकी क्षमा करने की क्षमता है.