गोस्वामी तुलसीदास के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा पर बन रही फिल्म ‘रंबोला’ को लेकर इसके निर्माताओं महावीर जैन और अमित उपाध्याय ने सेवा से जुड़ी एक प्रतिबद्धता की घोषणा की है. टीम की ओर से जारी बयान के अनुसार, दोनों निर्माता फिल्म से होने वाली अपनी व्यक्तिगत कमाई और बचत का 100% जरूरतमंदों के कल्याण से जुड़े सेवा प्रोजेक्ट्स में समर्पित करेंगे.
बयान में इस पहल को विनम्रता, कृतज्ञता और जनकल्याण की भावना से जुड़ा संकल्प बताया गया है. टीम ने इसे ‘सेवा संकल्प पहल’ का हिस्सा बताया और कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रेरित है.
तुलसीदास की आध्यात्मिक यात्रा पर फिल्म
‘रंबोला’ महाकवि गोस्वामी तुलसीदास के जीवन, उनकी भक्ति और साहित्यिक योगदान को केंद्र में रखेगी. फिल्म का उद्देश्य तुलसीदास की उस यात्रा को पर्दे पर प्रस्तुत करना है, जिसका भारतीय संस्कृति, साहित्य और आध्यात्मिक चिंतन पर लंबे समय से प्रभाव माना जाता है.
फिल्म का लेखन और निर्देशन विशाल चतुर्वेदी कर रहे हैं. वे इसके निर्माताओं में भी शामिल हैं. महावीर जैन, विशाल चतुर्वेदी, अमित उपाध्याय और रघुवेंद्र सिंह ने मिलकर फिल्म का निर्माण किया है, जबकि इसे महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत कर रही है.
‘रंबोला’ की घोषणा गणेश चतुर्थी के अवसर पर की गई थी. उस समय महावीर जैन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फिल्म के शीर्षक और रचनात्मक टीम की जानकारी साझा की थी.
फिलहाल फिल्म की स्टार कास्ट, शूटिंग शेड्यूल और रिलीज डेट की घोषणा नहीं हुई है. सेवा पहल से जुड़े प्रोजेक्ट्स, राशि के उपयोग और कार्यान्वयन की विस्तृत जानकारी भी सार्वजनिक नहीं की गई है.
