रणवीर बराड़ के नए YouTube शो ‘Yess Chef!’ के पहले एपिसोड ने रिलीज होने के 24 घंटे के भीतर 7 लाख व्यूज पार कर लिए हैं. शो में फूड ट्रिविया, क्विक-फायर सवाल, प्रतियोगिता और सेलिब्रिटी बातचीत को मनोरंजन के अंदाज में पेश किया गया है.

‘Yess Chef!’ का फॉर्मेट यह परखने पर आधारित है कि मशहूर हस्तियों को खाने के बारे में कितना ज्ञान है. इसमें सामग्री और व्यंजनों के साथ-साथ उनसे जुड़ी कहानियों, इतिहास और कम चर्चित तथ्यों पर भी सवाल किए जाते हैं. प्रतिभागियों को फूड-बेस्ड चुनौतियों में मुकाबला करते हुए अपना ज्ञान दिखाने का मौका मिलता है.

रणवीर बराड़ ने शो की अवधारणा समझाते हुए कहा कि लोग क्रिकेट और बॉलीवुड से जुड़ी जानकारी पर गर्व करते हैं, तो खाने से जुड़े ज्ञान को भी वही महत्व मिलना चाहिए. उनके मुताबिक भारतीय भोजन की कहानियों, सामग्री, इतिहास और खासियतों को जानना गर्व की बात है. उन्होंने कहा कि शो का उद्देश्य फूड नॉलेज को ‘कूल’ बनाना और लोगों को अपने ज्ञान पर गर्व करने का मौका देना है.

पहले एपिसोड में जाकिर खान और जीशान खान की जोड़ी का मुकाबला अपारशक्ति खुराना और अंगद बेदी से हुआ. एपिसोड में खाने से जुड़े सवालों, दोस्ताना प्रतिस्पर्धा और प्रतिभागियों के आत्मविश्वास भरे जवाबों को शामिल किया गया.

आने वाले एपिसोड में फराह खान, तेजस्वी प्रकाश, करण कुंद्रा, मुनव्वर फारूकी, भारती सिंह, जेमी लीवर, कीकू शारदा, गौरव गेरा, विराज घेलानी, अर्चना पूरन सिंह, परमीत सेठी, मिस्टर फैजू, अभिषेक मल्हान और रणविजय सिंघा समेत कई नाम नजर आएंगे.

‘Yess Chef!’ का निर्माण 1947 Productions और रणवीर बराड़ ने किया है. शो का नया एपिसोड हर रविवार रणवीर बराड़ के YouTube चैनल पर जारी किया जाता है. इसका टैगलाइन है—‘अब स्वाद नहीं, टेस्ट होगा.’