अभिनेत्री रश्मिका मंदाना ने अपने हिंदी उच्चारण और दक्षिण भारतीय लहजे को लेकर होने वाली ऑनलाइन ट्रोलिंग पर प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि वह दक्षिण भारत से आती हैं, इसलिए उनके बोलने में दक्षिण भारतीय लहजा होना स्वाभाविक है. इसे समस्या की तरह देखना उचित नहीं है.

‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 के एक एपिसोड में रश्मिका ने बताया कि करियर की शुरुआत से ही उन्हें अभिनय, प्रदर्शन, भाषा और उच्चारण सहित कई मुद्दों पर आलोचना का सामना करना पड़ा है. हालांकि, उन्होंने कहा कि वह इन टिप्पणियों को अपने लिए सीमा नहीं बनाना चाहतीं.

रश्मिका के मुताबिक, उनकी इच्छा केवल एक फिल्म इंडस्ट्री या एक भाषा तक सीमित रहने की नहीं थी. वह अलग-अलग भाषाओं में काम करना और विभिन्न फिल्म इंडस्ट्री का हिस्सा बनना चाहती थीं. इसी वजह से उन्होंने अपने करियर में अलग तरह की फिल्मों और भूमिकाओं को चुना.

उन्होंने ‘एनिमल’ और ‘द गर्लफ्रेंड’ में निभाए किरदारों का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों भूमिकाएं एक-दूसरे से काफी अलग हैं. एक अभिनेता के तौर पर उन्हें इस तरह के विविध किरदार निभाने से संतुष्टि मिलती है.

रश्मिका ने अलग-अलग भाषाओं में अपनी फिल्मों की डबिंग पर भी बात की. उन्होंने कहा कि वह निर्देशकों से यह विकल्प साझा करती हैं कि अगर किसी किरदार के लिए दूसरी आवाज ज्यादा उपयुक्त लगे तो वे किसी अन्य डबिंग कलाकार को चुन सकते हैं. उनके अनुसार, अब तक उनके निर्देशकों ने उन्हें अपनी फिल्मों के लिए खुद डबिंग करने को ही कहा है.

अभिनेत्री ने माना कि कई भाषाओं में खुद डबिंग करना मेहनत भरा काम है, लेकिन इससे उन्हें गर्व भी महसूस होता है.