कर्नाटक संगीत की महान गायिका एमएस सुब्बुलक्ष्मी पर बनने वाली बायोपिक ‘MS: A Legacy On Screen’ में रश्मिका मंदाना उनका किरदार निभाएंगी. फिल्म का निर्देशन ‘जर्सी’ और ‘द किंगडम’ के निर्देशक गौतम तिन्ननुरी कर रहे हैं.

फिल्म के लॉन्च कार्यक्रम में तिन्ननुरी ने कहा कि पिछले एक साल में एमएस सुब्बुलक्ष्मी का नाम पूरी टीम के लिए ‘मंत्र’ बन गया है. उन्होंने इस मौके पर गायिका के परिवार के सदस्यों और कार्यक्रम में शामिल कर्नाटक संगीत के कलाकारों का आभार जताया.

शोध के दौरान बदली समझ

निर्देशक के मुताबिक, टीम ने शुरुआत में इस प्रोजेक्ट को भारत की महान संगीत हस्तियों में से एक पर बनने वाली फिल्म के तौर पर देखा था. लेकिन एमएस सुब्बुलक्ष्मी के जीवन पर शोध के दौरान उन्हें उनके व्यक्तित्व और सफर के कई अलग पहलुओं का पता चला.

तिन्ननुरी ने कहा कि वह केवल एक महान गायिका नहीं थीं, बल्कि बेटी, कलाकार और बड़े सपने देखने वाली महिला भी थीं. उन्होंने अपने जीवन में सफलताओं और मुश्किल दौर का सामना किया तथा कई त्याग किए.

निर्देशक ने कहा कि फिल्म का हर दृश्य एमएस सुब्बुलक्ष्मी के प्रति प्रेम, सम्मान और प्रशंसा के साथ तैयार किया जा रहा है. उनके अनुसार, इस फिल्म का हिस्सा बनना पूरी टीम के करियर के सबसे बड़े सम्मानों में से एक है.

यह प्रोजेक्ट एमएस सुब्बुलक्ष्मी की 110वीं जयंती के अवसर पर लॉन्च किया गया. कार्यक्रम में कमल हासन ने शिरकत की और पहली क्लैप देकर फिल्म की शुरुआत का संकेत दिया. अनिरुद्ध रविचंदर फिल्म का संगीत तैयार कर रहे हैं.