रश्मिका मंदाना महान कर्नाटक गायिका एमएस सुब्बुलक्ष्मी की भूमिका निभाने जा रही हैं. फिल्म का नाम ‘M.S A Legacy On Screen’ रखा गया है. निर्माताओं ने एमएस सुब्बुलक्ष्मी की 110वीं जयंती के अवसर पर फिल्म के शीर्षक और फर्स्ट लुक की घोषणा की.
फिल्म की शुरुआत के मौके पर अभिनेता कमल हासन ने पहला क्लैप दिया. कार्यक्रम में रश्मिका मंदाना के साथ कमल हासन और निर्माता अल्लू अरविंद भी मौजूद थे. ‘जर्सी’ के निर्देशक गौतम तिन्ननुरी इस बायोपिक का निर्देशन कर रहे हैं. फिल्म का संगीत अनिरुद्ध रविचंदर तैयार करेंगे.
एमएस सुब्बुलक्ष्मी की भूमिका को लेकर रश्मिका ने क्या कहा
कार्यक्रम में रश्मिका ने इस भूमिका का अवसर मिलने पर आभार जताया. उन्होंने कहा कि एमएस सुब्बुलक्ष्मी की आवाज में उन्हें एक “अद्वितीय दिव्य शक्ति” महसूस होती है. रश्मिका ने यह भी कहा कि वह इस भूमिका के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देने का वादा करती हैं.
रश्मिका ने एमएस सुब्बुलक्ष्मी को संबोधित करते हुए कहा कि अगर फिल्म देखते समय उनके चेहरे पर हल्की मुस्कान भी आ जाए, तो वह उनके लिए बहुत खुशी की बात होगी.
कमल हासन ने बताया चुनौतीपूर्ण किरदार
कमल हासन ने एमएस सुब्बुलक्ष्मी के संगीत को लोगों को जोड़ने वाला बताया. उन्होंने कहा कि गायिका ने संस्कृत, हिंदी और कई अन्य भाषाओं में गाया, जिससे उनका प्रभाव व्यापक हुआ.
कमल हासन ने रश्मिका की जिम्मेदारी की तुलना किसी वैश्विक आइकन का किरदार निभाने से की. उनके मुताबिक, यह चुनौती सिर्फ अभिनय तक सीमित नहीं होगी, क्योंकि रश्मिका को गायिका की प्रस्तुति और व्यक्तित्व को भी पर्दे पर उतारना होगा. उन्होंने कहा कि इस भूमिका में आंखों के भाव और करुणा को सही ढंग से दिखाना बेहद जरूरी होगा.
