अभिनेत्री ऋचा चड्ढा ने मातृत्व के बाद अभिनेत्रियों के शरीर को लेकर की जाने वाली ऑनलाइन टिप्पणियों और ट्रोलिंग की आलोचना की है. उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने शरीर पर की गई ऐसी टिप्पणियों को महत्व न दें और अपनी शारीरिक यात्रा को अपने तरीके से तय करें.

एक इंटरव्यू में ऋचा ने कहा कि बच्चों को जन्म देने वाली और अपने करियर को जारी रखने वाली महिलाओं के प्रति फिल्म उद्योग का रवैया सम्मानजनक है. उनके मुताबिक, अभिनेत्रियों के पोस्टपार्टम शरीर पर बहस और तुलना सोशल मीडिया पर सक्रिय अनाम यूजर्स की वजह से बढ़ती है, न कि फिल्म उद्योग के भीतर से.

यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब कैटरीना कैफ समेत कई अभिनेत्रियों की प्रसव के बाद की तस्वीरों पर सोशल मीडिया यूजर्स ने टिप्पणी की. कुछ यूजर्स ने उनके पुराने और नए रूप की तस्वीरों की तुलना करते हुए यह बहस छेड़ी कि वे कितनी जल्दी अपने पहले वाले रूप में लौटीं. ऐश्वर्या राय बच्चन, करीना कपूर खान, बिपाशा बसु और पत्रलेखा भी मातृत्व के बाद शरीर को लेकर सार्वजनिक टिप्पणियों का सामना कर चुकी हैं.

ऋचा ने कहा कि किसी महिला का जिम जाना, वजन घटाने की दवा लेना या अपने शरीर को उसी रूप में स्वीकार करना उसका निजी फैसला है. उन्होंने ट्रोल्स की टिप्पणियों को अनावश्यक बताते हुए कहा कि उन्हें सार्वजनिक चर्चा में जरूरत से ज्यादा जगह नहीं मिलनी चाहिए.

ऋचा खुद 2024 में मां बनी थीं. काम की बात करें तो उन्होंने ‘Girls Will Be Girls’ से निर्माता के रूप में शुरुआत की. वह 2024 में ‘Heeramandi’ में नजर आईं और 2025 में उनकी शॉर्ट फिल्म ‘Taps’ YouTube पर रिलीज हुई. उनकी वेब सीरीज ‘Musafiri’ भी YouTube पर स्ट्रीम हो रही है.