फिल्मकार एस. शंकर ने नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड’ की प्रशंसा की है. शंकर ने सोशल मीडिया मंच X पर साझा की गई अपनी प्रतिक्रिया में फिल्म के विजुअल्स, विजुअल इफेक्ट्स और प्रोडक्शन वैल्यू को खास तौर पर सराहा.

शंकर ने अपने पोस्ट में फिल्म को एक शानदार सिनेमाई अनुभव बताया और कहा कि भारतीय सिनेमा में उन्होंने पहले ऐसे दृश्य नहीं देखे हैं. उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा और निर्देशक नितेश तिवारी को भारतीय सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक ले जाने के प्रयास के लिए बधाई दी.

उन्होंने फिल्म के VFX, लुक एंड फील, साउंड और संगीत की भी तारीफ की. फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान और हंस जिमर ने तैयार किया है, जबकि इसके विजुअल इफेक्ट्स का काम DNEG ने संभाला है.

यश के अभिनय का विशेष उल्लेख

शंकर ने रावण की भूमिका निभा रहे यश के अभिनय को लेकर लिखा कि उन्हें हर फ्रेम में देखना आनंददायक है. उन्होंने यश को ‘लवेबल विलेन’ बताते हुए उनके प्रदर्शन को गुणवत्तापूर्ण कहा. साथ ही शंकर ने रणबीर कपूर और साई पल्लवी के लिए शुभकामनाएं दीं तथा पूरी टीम के प्रयास की सराहना की.

नितेश तिवारी ने शंकर के पोस्ट का जवाब देते हुए उनका धन्यवाद किया.

फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. रवि दुबे लक्ष्मण तथा सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे. कलाकारों में अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, शीबा चड्ढा और आदिनाथ कोठारे भी शामिल हैं. फिल्म का सह-निर्माण नमित मल्होत्रा और यश ने किया है.