Zee TV ने अपने लोकप्रिय संगीत रियलिटी शो ‘सारेगामापा’ के नए सीजन की घोषणा की है. ‘हिंदुस्तान का संगीतस्थान’ थीम पर आधारित यह सीजन 19 सितंबर 2026 से प्रसारित होगा. शो का प्रीमियर हर शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे Zee TV और हिंदी Zee5 पर किया जाएगा. नए सीजन की पहली झलक मुंबई में आयोजित एक मीडिया प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिखाई गई, जहां नए सेट का वर्चुअल रियलिटी अनुभव भी प्रस्तुत किया गया.
इस बार शो को पारंपरिक गायन प्रतियोगिता से आगे ले जाने की योजना बताई गई है. निर्माताओं के अनुसार, इसमें 360 डिग्री मंच, 100 से अधिक संगीतकार और एक बड़ा कोरस समूह शामिल होगा. इन व्यवस्थाओं के जरिए कार्यक्रम को टेलीविजन पर लाइव कॉन्सर्ट जैसा अनुभव देने की कोशिश की गई है. सीजन में देश के अलग-अलग हिस्सों की संगीत परंपराओं और क्षेत्रीय रंगों को भी प्रस्तुतियों के माध्यम से सामने लाने की बात कही गई है.
चार म्यूजिकल गुरु और श्रेयस तलपड़े की मेजबानी
नए सीजन में शंकर महादेवन, कुमार सानू, नीति मोहन और जावेद अली म्यूजिकल गुरुओं के तौर पर शामिल होंगे. कार्यक्रम में उनकी भूमिका केवल प्रतिभागियों के प्रदर्शन का आकलन करने तक सीमित नहीं होगी. वे प्रतियोगियों के साथ अपने अनुभव और संगीत संबंधी दृष्टिकोण साझा करेंगे तथा प्रतियोगिता के दौरान उनका मार्गदर्शन करेंगे. अभिनेता श्रेयस तलपड़े इस सीजन को होस्ट करेंगे.
‘सारेगामापा’ को करीब तीन दशक से संगीत और प्रतिभाओं की खोज से जुड़े मंच के रूप में पेश किया जाता रहा है. नए सीजन की घोषणा में भी वास्तविक गायन और प्रामाणिक आवाजों पर जोर दिया गया है. निर्माताओं का कहना है कि बदलते दर्शकों और फॉर्मेट के बावजूद शो का मूल फोकस भारतीय संगीत और नई प्रतिभाओं पर बना रहेगा.
ZEEL के चीफ कंटेंट ऑफिसर राघवेंद्र हुंसुर ने कहा कि इस सीजन का उद्देश्य केवल एक और गायन रियलिटी शो बनाना नहीं, बल्कि संगीत को केंद्र में रखकर एक पूरा संसार तैयार करना है. उनके अनुसार, नई पीढ़ी के प्रतियोगियों को अनुभवी गुरुओं का मार्गदर्शन मिलेगा और 100 से अधिक संगीतकारों वाला ऑर्केस्ट्रा उनकी प्रस्तुतियों को बड़े स्तर पर पेश करेगा.
Zee TV के चीफ चैनल ऑफिसर मंगेश कुलकर्णी ने कहा कि शो की वापसी के साथ इसके मंच, लाइव कॉन्सर्ट अनुभव और संगीतकारों की संख्या को बड़े स्तर पर तैयार किया गया है. उन्होंने यह भी कहा कि बदलावों के बावजूद कार्यक्रम की बुनियाद वही रहेगी—ऐसा मंच जहां प्रतिभा खुद अपनी पहचान बनाए और संगीत केंद्र में रहे.
हिंदी Zee5 और &TV की बिजनेस हेड तथा चीफ चैनल ऑफिसर कावेरी दास ने ‘सारेगामापा’ को Zee के नॉन-फिक्शन पोर्टफोलियो का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया. उनके मुताबिक, नया सीजन भारतीय संगीत की विरासत, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और बड़े मंच के मेल के साथ दर्शकों के लिए पेश किया जाएगा.
