अभिनेता सैफ अली खान ने लंदन स्थित ईस्ट इंडिया क्लब लाइब्रेरी की यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं. इस दौरान उनके बचपन के दोस्त सलीम सिद्दीकी भी उनके साथ थे. पोस्ट में सैफ ने किताबों, इतिहास और साहित्य के प्रति अपनी रुचि की झलक दी.
सैफ ने लाइब्रेरी को पुराने दौर की शैली वाली जगह बताया. उन्होंने वहां के पारंपरिक माहौल, सुंदर कमरों और निजी सदस्यों वाले क्लब की खासियतों का जिक्र किया. अपने पोस्ट में अभिनेता ने क्लब के ड्रेस कोड की भी बात कही, जिसके तहत प्रवेश के लिए जैकेट और टाई पहनना जरूरी बताया गया है.
अभिनेता के मुताबिक, ईस्ट इंडिया क्लब का भारत से ऐतिहासिक संबंध है और इसकी जड़ें ब्रिटिश पब्लिक स्कूल परंपरा से जुड़ी हैं. उन्होंने यह भी लिखा कि लाइब्रेरी की यात्रा उनके लंदन दौरे की खास गतिविधियों में शामिल रहती है. सैफ ने बताया कि वह और सलीम सिद्दीकी 16 साल की उम्र से एक-दूसरे को जानते हैं.
ईस्ट इंडिया क्लब लाइब्रेरी की खासियत
ईस्ट इंडिया क्लब की स्थापना 1843 में हुई थी. यह लंदन के 16 सेंट जेम्स स्क्वायर में स्थित है. मूल रूप से यह ब्रिटिश साम्राज्य, खासकर भारत और ईस्ट इंडीज में सेवा दे चुके लोगों के लिए मिलने की जगह के तौर पर बनाया गया था.
लाइब्रेरी के संग्रह में सैन्य इतिहास से जुड़ी किताबें, वॉटरलू की लड़ाई के विवरण, पेपिस डायरी के संपूर्ण संस्करण और विजडन क्रिकेट अल्मनैक का बड़ा संग्रह शामिल बताया गया है. क्लब की विरासत वाली वास्तुकला और पारंपरिक अंदरूनी सज्जा भी इसकी पहचान का हिस्सा हैं.
