अभिनेता सैफ अली खान का पैतृक पाटौदी पैलेस अपनी भव्य वास्तुकला और शाही इंटीरियर के लिए जाना जाता है. यह संपत्ति 10 एकड़ में फैली है और गुरुग्राम से करीब 30 किलोमीटर दूर स्थित बताई जाती है.
पाटौदी पैलेस का निर्माण 1935 में पाटौदी के आखिरी शासक नवाब इफ्तिखार अली खान ने अपनी पत्नी के लिए करवाया था. इसकी डिजाइनिंग रॉबर्ट टोर रसेल ने की थी. महल की वास्तुकला में यूरोपीय नवशास्त्रीय प्रभाव के साथ भारतीय स्थापत्य और सजावटी परंपराओं की झलक मिलती है.
महल में क्या-क्या खास है
रिपोर्ट्स के मुताबिक, पैलेस में करीब 150 कमरे हैं. इनमें सात बेडरूम, सात ड्रेसिंग रूम और सात बिलियर्ड रूम के अलावा बड़े डाइनिंग और ड्रॉइंग रूम शामिल हैं. लंबे गलियारों में काले-सफेद चेकर्ड मार्बल फ्लोरिंग है, जबकि दीवारों पर पीले, सफेद, क्रीम और हल्के पेस्टल रंगों का इस्तेमाल किया गया है.
महल की विंटेज लाइब्रेरी भी इसके प्रमुख आकर्षणों में शामिल है. सैफ ने सोशल मीडिया पर इसकी झलक साझा की थी. डाइनिंग एरिया में क्रिस्टल झूमर, सजावटी लैंप, फूलदान और पौधों का इस्तेमाल किया गया है. बेडरूम में लकड़ी का फर्श, प्राचीन सजावटी वस्तुएं और हाथ से तैयार फर्नीचर दिखाई देता है.
पाटौदी पैलेस की एक खास पहचान सांची स्तूप से प्रेरित गुंबद है, जिसे ऊंचे स्तंभों का सहारा दिया गया है. ऊंची छत वाले बरामदे, लकड़ी की पारक्वेट फ्लोरिंग और गुलाबी वेनेशियन झूमर इसके शाही रूप को और उभारते हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार, संपत्ति को 2005 में नीमराना होटल्स समूह को लीज पर दिया गया था. पिता नवाब मंसूर अली खान पाटौदी के निधन के बाद सैफ ने कथित तौर पर करीब 800 करोड़ रुपये में इसका स्वामित्व फिर हासिल किया.
