अभिनेत्री सायरा बानू ने हेमा मालिनी के जन्मदिन पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए अपनी पुरानी दोस्ती और फिल्मी दुनिया से जुड़े कई यादगार किस्से साझा किए. सोशल मीडिया पर लिखे भावुक संदेश में उन्होंने हेमा मालिनी के जीवंत और हंसमुख व्यक्तित्व को याद किया.

सायरा बानू ने बताया कि हेमा मालिनी और रेखा के साथ उनकी खास दोस्ती रही है. 1970 के दशक में तीनों फिल्मी समारोहों, प्रीमियर और अन्य कार्यक्रमों में मिलती थीं. उनके बीच फिल्मों के अलावा फिटनेस और योग को लेकर भी समान रुचि थी.

उन्होंने एक मजेदार घटना का जिक्र करते हुए बताया कि वह और हेमा मालिनी कंधों को चौड़ा करने वाले एक व्यायाम उपकरण को आजमा रही थीं. दोनों ने उत्साह में इसका इतना इस्तेमाल किया कि उनके कंधे जरूरत से ज्यादा फूले हुए लगने लगे. एक-दूसरे को देखकर दोनों अपनी हंसी नहीं रोक पाईं.

सायरा ने हेमा मालिनी के उनके घर आने का एक और किस्सा साझा किया. उनके साथ आए एक अंकल पारदर्शी कांच के बड़े दरवाजे को देख नहीं पाए और उससे टकरा गए, जिससे दरवाजा टूटकर गिर गया. घटना से सभी घबरा गए, लेकिन हेमा मालिनी की जोरदार हंसी ने माहौल बदल दिया और थोड़ी देर बाद बाकी लोग भी हंसने लगे.

महूरत शॉट की याद

सायरा बानू ने रामानंद सागर की एक फिल्म के महूरत शॉट को भी याद किया. इस मौके पर हेमा मालिनी, धर्मेंद्र, शशि कपूर और सायरा बानू मौजूद थे. उन्होंने लिखा कि कैमरा चलने के लिए तैयार था, लेकिन हेमा मालिनी शशि कपूर को चिढ़ाती रहीं. उनकी शरारत और हंसी के कारण वहां मौजूद लोग भी अपनी हंसी रोक नहीं सके.

अपने संदेश में सायरा ने हेमा मालिनी को शानदार कलाकार, कुशल नृत्यांगना और लाखों प्रशंसकों की ‘ड्रीम गर्ल’ बताया. उन्होंने कहा कि निजी जीवन में उन्होंने हेमा को गर्मजोशी से भरी, स्नेही और बेहद चंचल महिला के रूप में जाना है.

सायरा ने संदेश में धर्मेंद्र का भी उल्लेख किया और कहा कि वह हेमा मालिनी के जीवन की कई खूबसूरत यादों का अभिन्न हिस्सा रहे हैं. अंत में उन्होंने हेमा के लिए अच्छे स्वास्थ्य, खुशी और शांति की कामना की.