सलमान खान ने अपनी दो चर्चित फिल्म फ्रेंचाइजी—‘दबंग’ और ‘बजरंगी भाईजान’—के भविष्य को लेकर स्थिति स्पष्ट की है. हालिया बातचीत में अभिनेता ने कहा कि ‘दबंग’ का अगला भाग बनाया जाएगा, जबकि ‘बजरंगी भाईजान 2’ की संभावना उन्हें कम नजर आती है.

‘दबंग’ के भविष्य के बारे में पूछे जाने पर सलमान खान ने कहा, “दबंग का तो आ ही जाएगा. ये तो हमारे हाथ में है.” इस फ्रेंचाइजी में अभिनेता ने पुलिस अधिकारी चुलबुल पांडे का किरदार निभाया है. पहली फिल्म 2010 में रिलीज हुई थी, जिसके बाद 2012 और 2019 में इसके दो सीक्वल आए.

वहीं, ‘बजरंगी भाईजान’ के दूसरे भाग को लेकर सलमान ने कहा कि पहली फिल्म के भावनात्मक असर और दर्शकों से बने जुड़ाव को दोहराना आसान नहीं होगा. उन्होंने आशंका जताई कि अगर सीक्वल पहली फिल्म के स्तर तक नहीं पहुंचा, तो दर्शक दोनों फिल्मों की तुलना कर सकते हैं और निराश हो सकते हैं.

सलमान ने कहा कि वह ऐसी फिल्म नहीं करना चाहते, जिसकी तुलना पहली फिल्म से हो और दर्शकों को लगे कि उसमें पहले जैसा आनंद नहीं था. इसी वजह से उन्होंने संकेत दिया कि ‘बजरंगी भाईजान’ का सीक्वल शायद नहीं बनेगा.

कबीर खान के निर्देशन में बनी 2015 की ‘बजरंगी भाईजान’ में सलमान ने पवन कुमार चतुर्वेदी का किरदार निभाया था. कहानी एक पाकिस्तानी बच्ची को उसके परिवार से मिलाने की कोशिश पर केंद्रित थी.

सलमान की अगली थिएट्रिकल फिल्म ‘Maatrubhumi: May War Rest in Peace’ बताई गई है. अपूर्व लाखिया के निर्देशन वाली यह फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है और इसमें चित्रांगदा सिंह भी हैं.