अभिनेता सलमान खान ने फिल्मों, टेलीविजन और सोशल मीडिया के बाद अब YouTube पर भी अपनी आधिकारिक मौजूदगी दर्ज कराई है. उन्होंने ‘Being The Salman Khan’ नाम से चैनल शुरू किया और इसकी जानकारी Instagram Story के जरिए प्रशंसकों के साथ साझा की.
चैनल की शुरुआत एक छोटे, alphabet-themed वीडियो से हुई. सलमान खान ने संदेश में कहा कि उनके आधिकारिक चैनल पर ‘A से Z तक’ सब कुछ देखने को मिलेगा. हालांकि, उन्होंने अभी भविष्य के वीडियो या अपलोड शेड्यूल को लेकर विस्तृत जानकारी नहीं दी है.
पहले अपलोड में सलमान दो भूमिकाओं में नजर आते हैं. एक किरदार एक्टिंग कोच का है, जबकि दूसरा छात्र के रूप में दिखाया गया है. वीडियो में बॉडी लैंग्वेज, डायलॉग डिलीवरी और अभिनेता की चर्चित स्क्रीन मैनरिज्म को हल्के-फुल्के अंदाज में पेश किया गया है.
चैनल के विवरण में सलमान ने खुद को फिल्म अभिनेता, कलाकार, चित्रकार और मानवतावादी बताया है. शुरुआत में चैनल पर YouTube Shorts फॉर्मेट का इस्तेमाल किया गया है. आगे इसमें पर्दे के पीछे की झलकियां, निजी अपडेट या अन्य वीडियो किस रूप में शामिल होंगे, इसकी आधिकारिक घोषणा अभी नहीं हुई है.
