प्राइम वीडियो की पीरियड ड्रामा सीरीज़ ‘द रिवोल्यूशनरीज’ को अभिनेता सलमान खान का समर्थन मिला है. सलमान खान ने निर्देशक निखिल आडवाणी और अभिनेता भुवन बाम से मुलाकात की और अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सीरीज़ का ट्रेलर साझा किया. इसके बाद भुवन बाम ने सोशल मीडिया पर उनका आभार जताया.

सलमान खान के समर्थन पर प्रतिक्रिया देते हुए भुवन बाम ने लिखा, “Revolutionaries दिल में आते हैं, दिमाग में नहीं.” उन्होंने सीरीज़ को मिल रही प्रतिक्रिया पर भी खुशी जाहिर की. बाम के मुताबिक, दुनिया के अलग-अलग हिस्सों से दर्शक शो की तारीफ करते हुए कमेंट और डायरेक्ट मैसेज भेज रहे हैं.

भुवन बाम ने कहा कि सलमान खान की ओर से ‘द रिवोल्यूशनरीज’ को समर्थन मिलना पूरी टीम के लिए खुशी की बात है. उन्होंने इसे अपने करियर का महत्वपूर्ण क्षण बताया और कहा कि सलमान से मिलना तथा सीरीज़ पर उनके विचार सुनना उनके लिए खास अनुभव रहा. बाम ने यह भी कहा कि सलमान का समर्थन और मान्यता ऐसी चीज है जिसे वह हमेशा संजोकर रखेंगे.

स्वतंत्रता आंदोलन की पृष्ठभूमि पर बनी सीरीज़

‘द रिवोल्यूशनरीज’ भारत के स्वतंत्रता आंदोलन की पृष्ठभूमि पर बनी है और सच्ची घटनाओं से प्रेरित बताई गई है. यह सीरीज़ संजीव सान्याल की किताब ‘Revolutionaries: The Other Story Of How India Won Its Freedom’ पर आधारित है. कहानी उन क्रांतिकारियों पर केंद्रित है, जिन्होंने आजादी के आंदोलन में भूमिका निभाई.

सीरीज़ का निर्माण और निर्देशन निखिल आडवाणी ने किया है. मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने Emmay Entertainment के तहत इसका निर्माण किया है. इसमें भुवन बाम, रोहित सराफ, प्रतिभा रांटा और गुरफतेह पीरजादा मुख्य भूमिकाओं में हैं, जबकि जेसन शाह, पाओली डैम और टोटा रॉय चौधरी भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं. ‘द रिवोल्यूशनरीज’ Prime Video पर स्ट्रीम हो रही है.