पाकिस्तानी आरजे-इन्फ्लुएंसर डॉ. एजाज वारिस ने अभिनेत्री कैटरीना कैफ पर अपनी हालिया टिप्पणी को लेकर सार्वजनिक माफी मांगी है. यह माफी ‘बिग बॉस 20’ के उस एपिसोड के बाद आई, जिसमें सलमान खान ने कैटरीना के पोस्ट-प्रेग्नेंसी लुक को लेकर की जा रही ऑनलाइन ट्रोलिंग पर नाराजगी जताई थी.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वारिस ने रविवार को इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा किया. इसमें उन्होंने कहा कि सलमान के शो में उनकी टिप्पणी का जिक्र किए जाने के बाद उन्होंने अपनी बात पर दोबारा विचार किया और महसूस किया कि उनके शब्दों से कैटरीना तथा उनके प्रशंसकों को चोट पहुंची होगी.
वारिस ने कैटरीना से माफी मांगते हुए कहा कि बॉडी शेमिंग उनका इरादा नहीं था. उन्होंने सलमान खान और उन सभी लोगों से भी माफी मांगी, जिन्हें उनकी टिप्पणी से ठेस लगी. उनका कहना था कि वीडियो के लिए मजाकिया अंदाज में कही गई बात गलत तरीके से सामने आ गई और उन्हें इसका अफसोस है.
उन्होंने यह भी बताया कि वह सलमान के उस सेगमेंट को देखने के बाद खुद को गलत महसूस कर रहे थे, जिसमें अभिनेता ने उनकी टिप्पणी पर आपत्ति जताई थी. वारिस ने कहा कि वह सलमान और कैटरीना दोनों के प्रशंसक हैं, लेकिन रिकॉर्डिंग के दौरान बात किस अंदाज में निकल गई, उन्हें खुद नहीं पता.
वारिस ने दोहराया कि उनका उद्देश्य कैटरीना को बॉडी शेम करना नहीं था, हालांकि उन्होंने माना कि उनकी रील से लोगों को दुख पहुंचा. उन्होंने कैटरीना को ‘भारत की सुपरस्टार’ बताते हुए घटना पर खेद जताया. इसके बाद उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट का कमेंट सेक्शन बंद कर दिया.
