गीतकार समीर ने एक बातचीत में ‘कुच कुच होता है’ के गाने से जुड़ा पुराना किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि फिल्म का पहला रिलीज हुआ गाना ‘तुम पास आए, यूं मुस्कुराए’ था. यह गाना सुनने के बाद निर्देशक डेविड धवन ने उन्हें फोन कर मजाकिया अंदाज में कहा, “बड़ा गंदा गाना लिखा है तूने, यार. मेरी पिक्चर में ऐसा गाना लिखना मत.”

समीर के मुताबिक, उन्होंने डेविड धवन से पूछा कि वह इस गाने को लेकर इतना परेशान क्यों हो रहे हैं. इस पर डेविड ने कहा कि उनकी फिल्म के गाने भी रिलीज हो चुके हैं और अगर इस गाने ने उनकी फिल्म के संगीत को पीछे छोड़ दिया, तो वह उन्हें बता दें.

डेविड धवन जिस फिल्म का जिक्र कर रहे थे, वह 1998 में आई ‘बड़े मियां छोटे मियां’ थी. समीर ने इस फिल्म के गाने भी लिखे थे. संयोग से ‘कुच कुच होता है’ और ‘बड़े मियां छोटे मियां’ एक ही दिन रिलीज हुई थीं. समीर ने कहा कि दोनों फिल्मों के गाने ब्लॉकबस्टर रहे.

करण जौहर के साथ काम का अनुभव

बातचीत के दौरान समीर ने करण जौहर के साथ अपने काम का भी उल्लेख किया. उन्होंने बताया कि उन्होंने करण के साथ केवल दो फिल्मों—‘कुच कुच होता है’ (1998) और ‘कभी खुशी कभी गम’ (2001)—में काम किया. समीर ने खास तौर पर संगीत को लेकर करण की समझ की प्रशंसा की.

उन्होंने यह भी बताया कि ‘कभी खुशी कभी गम’ के दौरान जतीन-ललित ने फिल्म छोड़ने का विचार किया था. समीर ने उन्हें करण के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी. उनके अनुसार, कई बड़े कलाकारों वाले ‘से शावा शावा’ गाने को लिखना चुनौतीपूर्ण था, लेकिन करण के विस्तृत निर्देशन से काम आसान हो गया.