गीतकार समीर ने कहा है कि अगर उन्हें आज भी शाहरुख खान के साथ किसी रोमांटिक फिल्म में काम करने का मौका मिले, तो वह इसे खुशी से स्वीकार करेंगे. कोमल नाहटा के साथ बातचीत के दौरान रैपिड-फायर राउंड में उनसे पूछा गया था कि वह आज शाहरुख के लिए किस तरह का गीत लिखना चाहेंगे.
समीर ने जवाब दिया कि अब ‘कुछ कुछ होता है’ जैसा गीत लिखना मुश्किल है और मुस्कुराते हुए कहा, “उम्र का तकाजा हो चुका है.” हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि शाहरुख के साथ रोमांटिक फिल्म मिलती है तो वह उसके लिए गीत लिखना जरूर चाहेंगे.
शाहरुख के साथ आठ फिल्मों में काम
समीर और शाहरुख खान अब तक आठ फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. इनमें ‘दीवाना’ (1992), ‘अंजाम’ (1994), ‘जमाना दीवाना’ (1995), ‘कुछ कुछ होता है’ (1998), ‘बादशाह’ (1999), ‘कभी खुशी कभी गम’ (2001), ‘हम तुम्हारे हैं सनम’ (2002) और ‘देवदास’ (2002) शामिल हैं.
बातचीत में समीर से पूछा गया कि ‘तेरे नाम’ (2003), ‘राजा हिंदुस्तानी’ (1996) और ‘दिल’ (1990) में से किस एल्बम को नई पीढ़ी के बीच दोबारा खोजा जाना चाहिए. उन्होंने ‘राजा हिंदुस्तानी’ का नाम लिया. ऐसा कौन-सा गीत है जिसे लिखने की इच्छा थी, इस सवाल पर उन्होंने ‘चिट्ठी आई है’ चुना.
अपने लिखे गीतों में उन्हें ‘सुनो गौर से दुनिया वालों’ पर खास गर्व है. समीर ने एआर रहमान के साथ काम करने को चुनौतीपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने रहमान के साथ केवल ‘द लीजेंड ऑफ भगत सिंह’ (2002) में काम किया था.
उन्होंने ‘वंश’ (1992) के गीत ‘आके तेरी बाहों में हर शाम लगे सिंदूरी’ को अपना सबसे कम आंका गया गीत बताया. वहीं, जिस गीत की लोकप्रियता की उन्होंने उम्मीद नहीं की थी, उसमें ‘मैं तो रास्ते से जा रहा था’ का नाम लिया.
