अभिनेता संजय दत्त ने टीवी शो ‘शेखर टुनाइट’ में दिए अपने विवादित बयान पर सफाई दी है. हाथ जोड़कर जारी किए गए वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि शो के दौरान कही गई बातें एक स्क्रिप्टेड सेगमेंट का हिस्सा थीं और उन्हें उनके निजी विचार, भावनाएं या राय नहीं माना जाना चाहिए.

यह विवाद गांधी जयंती के मौके पर प्रसारित हुए शो के एपिसोड के बाद शुरू हुआ था. कार्यक्रम में संजय दत्त ने कहा था कि देश के लोग बहुत अच्छे और बड़े दिल वाले हैं, लेकिन उन्हें अब भारत में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती. उन्होंने भगवान शिव से प्रार्थना की थी कि देश में वह समय फिर लौटे.

शो के एक राजनीतिक व्यंग्य वाले हिस्से में अभिनेता अपने लोकप्रिय किरदार ‘मुन्ना भाई’ के अंदाज में नजर आए. उन्होंने महात्मा गांधी से जुड़े तीन बंदरों—बुरा न देखना, बुरा न सुनना और बुरा न बोलना—का जिक्र करते हुए ‘चौथे बंदर’ की बात कही थी. उनका सवाल था कि अगर कोई गलत चीज देखे तो उसे ठीक कौन करेगा. इस अंश पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आईं और कुछ लोगों ने उनके कथन से असहमति जताई.

अपने वीडियो संदेश में दत्त ने कहा कि वह लोगों की प्रतिक्रियाओं को समझते हैं और अपने शब्दों को सही संदर्भ में रखना चाहते हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि शो में कही गई बातें टीवी कार्यक्रमों में होने वाले स्क्रिप्टेड प्रदर्शन का हिस्सा थीं. अभिनेता ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति, समुदाय या संस्था की भावनाओं को ठेस पहुंचाना या उनका अपमान करना नहीं था.

इससे पहले एक्स पर साझा किए गए एक संदेश में भी दत्त ने यही बात कही थी. उन्होंने बताया था कि बातचीत का उद्देश्य हल्के-फुल्के और हास्यपूर्ण अंदाज में बात करना था. उन्होंने इसे ‘मुन्ना भाई’ फिल्मों में दिखाए गए हास्य और ‘गांधीगिरी’ की भावना से जोड़ते हुए कहा था कि उसका संदेश प्रेम, गर्मजोशी, एकजुटता और सद्भाव का था.

संजय दत्त ने अपने वीडियो के अंत में कहा कि वह अपने दोस्तों और शुभचिंतकों के भरोसे और स्नेह को बहुत महत्व देते हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके बयान का वास्तविक संदर्भ अब स्पष्ट हो जाएगा और अपना संदेश ‘जय हिंद, जय भारत’ के साथ समाप्त किया.