अभिनेता संजय दत्त ने एक टीवी कार्यक्रम में अपने लोकप्रिय किरदार मुन्ना भाई को फिर से पेश करते हुए भारतीय राजनीति और वैश्विक संबंधों पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी की. ‘Shekhar Tonite’ के गांधी जयंती विशेष एपिसोड में उनसे पांच मिनट के लिए भारत का प्रधानमंत्री बनने की कल्पना करने को कहा गया था. इसके जवाब में उन्होंने मुन्ना भाई की शैली में एक काल्पनिक भाषण दिया.
कार्यक्रम के दौरान संजय दत्त ने कहा कि देश के लोग बहुत अच्छे और मेहमाननवाज हैं, लेकिन उन्हें भारत में पहले जैसी शांति महसूस नहीं होती. उन्होंने देश में शांति लौटने की इच्छा जताई और इसके लिए भगवान शिव से प्रार्थना करने की बात कही.
इसके बाद अभिनेता ने प्रधानमंत्री और जनता के बीच सीधे संपर्क की जरूरत पर जोर दिया. अपने व्यंग्य में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद वह खुशी मनाने के लिए विदेश नहीं जाएंगे, बल्कि लोगों के बीच रहेंगे. यह टिप्पणी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों के संदर्भ में मुन्ना भाई के अंदाज में की.
गांधी के विचारों और ‘चौथे बंदर’ का जिक्र
संजय दत्त ने महात्मा गांधी के तीन बंदरों—बुरा न देखना, बुरा न सुनना और बुरा न कहना—का उल्लेख किया. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि आज एक चौथा बंदर भी होना चाहिए, जो गलत होते देखकर उसे ठीक करने की कोशिश करे. उनके मुताबिक, अगर लोग आंख, कान और मुंह बंद करके बैठे रहेंगे तो देश कैसे चलेगा.
अभिनेता ने सार्वजनिक जगहों पर नेताओं की तस्वीरों की अधिकता पर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि देश को किसी व्यक्ति की तस्वीर से अधिक प्राथमिकता मिलनी चाहिए और जहां अपनी तस्वीर लगाने का मन हो, वहां गांधीजी की तस्वीर लगाई जानी चाहिए, ताकि उनके विचारों पर ध्यान दिया जाए.
ट्रंप को ‘गांधीगिरी’ का संदेश
काल्पनिक भाषण में संजय दत्त ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ‘ट्रंप मामू’ कहकर संबोधित किया. उन्होंने दुनिया में बढ़ते तनाव और मिसाइलों के संदर्भ में धमकी या टकराव के बजाय बातचीत और कूटनीति अपनाने की बात कही.
मुन्ना भाई के अंदाज में उन्होंने सुझाव दिया कि किसी को धमकी देने के बजाय फोन कर घर बुलाया जाए और चाय पर बातचीत करके विवाद सुलझाया जाए. कार्यक्रम के अंत में उन्होंने अमेरिका आकर ‘जादू की झप्पी’ देने वाली अपनी लोकप्रिय संवाद शैली का भी इस्तेमाल किया.
