तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में फिल्म कोरियोग्राफर शेखर मास्टर की कार हादसे का शिकार हो गई. गोल्लापल्ली गांव के पास सुबह करीब छह बजे एक लॉरी ने उनकी कार को टक्कर मार दी. हादसे में कार क्षतिग्रस्त हुई, लेकिन शेखर मास्टर समेत कार में सवार चारों लोग सुरक्षित रहे.

शमशाबाद पुलिस ने बताया कि दुर्घटना सुबह के शुरुआती घंटों में हुई. पुलिस के अनुसार, कार में कोरियोग्राफर शेखर मास्टर समेत चार लोग मौजूद थे और किसी को चोट नहीं आई. पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है.

शेखर मास्टर ने बताया कि वे रात की शूटिंग पूरी करने के बाद घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ. उन्होंने कहा कि कार में चार लोग थे और सभी सुरक्षित हैं. उनके मुताबिक, हादसे में केवल कार को नुकसान पहुंचा.

शेखर मास्टर ने यह भी कहा कि वह उसी दिन शूटिंग में दोबारा शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि वह अयप्पा दीक्षा में हैं और इसे ईश्वर की कृपा माना. हादसे के बाद कई लोग उन्हें फोन और संदेश कर उनकी कुशलक्षेम पूछ रहे थे.

‘काका’ की शूटिंग में व्यस्त हैं शेखर मास्टर

शेखर मास्टर इन दिनों चिरंजीवी की फिल्म ‘काका’ पर काम कर रहे हैं. फिल्म की शूटिंग हैदराबाद के रामोजी फिल्म सिटी में चल रही है. बॉबी कोल्ली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में अनुराग कश्यप, अनस्वरा राजन और निवेथा पेथुराज भी अहम भूमिकाओं में हैं.