अभिनेता शाह रुख खान की कानूनी टीम ने सोशल मीडिया कंटेंट क्रिएटर सुविग्य शर्मा को मानहानि का नोटिस भेजा है. मामला अनंत अंबानी और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु से जुड़ी एक हालिया मुलाकात के वीडियो पर बनाई गई इंस्टाग्राम रील से संबंधित है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 23 नवंबर को जारी नोटिस में रील और उसके साथ किए गए दावों को भ्रामक और अभिनेता की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाला बताया गया है.

विवादित रील में अनंत अंबानी और सद्गुरु की मुलाकात के फुटेज के साथ शाह रुख खान और अनंत अंबानी की बातचीत का एक छोटा हिस्सा भी दिखाया गया था. पोस्ट में दावा किया गया था कि बातचीत के दौरान अभिनेता से ‘चुप रहने’ को कहा गया. इस दावे के बाद सोशल मीडिया पर वीडियो को लेकर चर्चा शुरू हुई.

नोटिस में कानूनी टीम ने इस दावे को आधारहीन बताते हुए कहा कि वीडियो और कैप्शन के जरिये बातचीत का संदर्भ कथित तौर पर बदलकर पेश किया गया. नोटिस में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 356 का भी उल्लेख है, जो आपराधिक मानहानि से संबंधित है.

नोटिस में क्या निर्देश दिए गए

सुविग्य शर्मा को 48 घंटे के भीतर विवादित रील हटाने, दावे को आगे साझा या प्रसारित न करने और वीडियो से जुड़े कैप्शन या बयानों को हटाने अथवा सुधारने को कहा गया है. इसके अलावा, मूल वीडियो, स्रोत सामग्री और प्रकाशन से जुड़े अन्य रिकॉर्ड सुरक्षित रखने तथा अनुपालन की लिखित पुष्टि देने का निर्देश भी शामिल है.

नोटिस के बाद शर्मा ने सोशल मीडिया पर एक अन्य वीडियो के माध्यम से आपत्ति जताई. उन्होंने कहा कि उनकी टिप्पणी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के दायरे में आती है और सवाल उठाया कि उनकी पोस्ट पर आपत्ति क्यों की गई.

इस मामले में अभी किसी सिविल या आपराधिक कार्यवाही का अंतिम परिणाम सामने नहीं आया है. यह भी स्पष्ट नहीं है कि शर्मा नोटिस में दिए गए निर्देशों का पालन करेंगे या विवाद आगे कानूनी कार्रवाई तक पहुंचेगा.