अभिनेता शाहरुख खान ने फ्लाईदुबई के भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छर की बहादुरी और सूझबूझ की सराहना की है. रिपोर्ट्स के अनुसार, 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट के दौरान कैप्टन मच्छर पर उनके सह-पायलट ने कथित तौर पर हमला किया और उन्हें चाकू मार दिया. घायल होने के बावजूद उन्होंने विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी.
शाहरुख खान ने 3 अक्टूबर को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कैप्टन मच्छर उस समय मजबूती से खड़े रहे, जब इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी. अभिनेता ने कहा कि अपनी सुरक्षा को खतरे में डालकर विमान में सवार लोगों की रक्षा करना आसान नहीं होता. उन्होंने इसे साहस और कर्तव्य का सच्चा उदाहरण बताया और कैप्टन के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.
विमान में 174 लोग सवार थे
उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, फ्लाइट FZ1073 बोइंग 737 MAX 8 विमान थी और उसमें 174 लोग सवार थे, जिनमें 27 बच्चे शामिल थे. घटना के समय विमान सऊदी अरब के ऊपर उड़ रहा था. कैप्टन मच्छर ने घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने हमलावर को काबू करने में मदद की.
विमान को सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट की ओर मोड़ा गया और वहां सुरक्षित उतारा गया. इसके बाद कैप्टन मच्छर को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. जानकारी के अनुसार, विमान में यात्रा कर रहे दो अन्य पायलटों ने भी विमान को संभालने में मदद की.
अस्पताल से कैप्टन मच्छर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत के दौरान घटना का विवरण साझा किया. उन्होंने बताया कि घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने से यात्रियों और चालक दल को हस्तक्षेप करने का अवसर मिला.
